होमझारखंडJharkhand Live News - रूपा तिर्की मौत मामले में आरोपी दारोगा शिव कुमार...

Jharkhand Live News – रूपा तिर्की मौत मामले में आरोपी दारोगा शिव कुमार कनौजिया होगा बर्खास्त, इस आधार पर होगी कार्रवाई

रूपा तिर्की मौत प्रकरण में जेल में बंद दारोगा शिव कुमार कनौजिया बर्खास्त होगा। राज्य पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर कनौजिया की बर्खास्तगी की तैयारी शुरू हो गई है। साहिबगंज की महिला थानेदार रूपा तिर्की का कथित प्रेमी रहा शिव कुमार कनौजिया वर्तमान में साहिबगंज मंडल कारा में बंद है। साहिबगंज की पुलिस शिव के खिलाफ चार्जशीट दायर कर चुकी है। रूपा तिर्की मौत मामले में आत्महत्या के लिए प्रेरित करने के आरोप में गिरफ्तार शिव कुमार कनौजिया को गिरफ्तारी के बाद चाईबासा पुलिस ने निलंबित कर दिया था। शिव चाईबासा पुलिस में बतौर दारोगा पोस्टेड था। 

क्या आधार बनाकर किया जाएगा बर्खास्त
रूपा तिर्की की मौत के बाद पुलिस को एक ऑडियो मिला था। 26 मिनट का यह ऑडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस ऑडियो में रूपा और शिव के बीच मोबाइल पर हुई बातचीत रिकार्ड थी। बातचीत में शिव कुमार कनौजिया कई बार रूपा को गाली देता है। साथ ही आदिवासी होने के कारण उससे रांची समेत अन्य जगहों पर आदिवासी जमीन या मकान की खरीद के लिए दबाव डालने की बात भी इस ऑडियो में थी।

वहीं ऑडियो में शादी करने लेकिन परिवार के द्वारा इस शादी को मान्यता नहीं देने की बात भी शिव कुमार कनौजिया करता है। पूरे ऑडियो में कनौजिया पूरी अभद्रता से बात करता है। ऑडियो मिलने के बाद पुलिस ने पाया था कि शिव का व्यवहार काफी खराब था। राज्य पुलिस मुख्यालय ने निर्देश दिया है कि शिव का व्यवहार एक पुलिस अधिकारी के व्यवहार की तरह नहीं है। पुलिस में होने के लिए जरूरी व्यवहार के विपरीत व्यवहार होने को लेकर पुलिस शिव को बर्खास्त करेगी।

आत्महत्या के लिए उकसाने में भी है दोषी
साहिबगंज पुलिस ने अपनी जांच में भी शिव कुमार कनौजिया को रूपा तिर्की को आत्महत्या के लिए उकसाने का दोषी पाया है। डीएसपी के सुपरविजन में भी उसे दोषी पाया गया है। इसके बाद साहिबगंज पुलिस शिव के खिलाफ चार्जशीट दायर कर चुकी है।

Most Popular