भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद समीर उरांव ने कहा कि हेमंत सरकार किसानों के साथ अन्याय कर रही है। किसानों को न्याय दिलाने के लिए आज भाजपा ने खेतों में धरना दिया, आगे सचिवालय तक कूच करेंगे। वह प. बंगाल में भाजपा के प्रदर्शन में शामिल हो लौटने के क्रम में शुक्रवार शाम सात बजे आदित्यपुर नगर निगम के डिप्टी मेयर अमित सिंह के आवास पहुंचे थे, जहां पत्रकारों से बात कर रहे थे। इस दौरान अमित सिंह द्वारा उनका अभिनंदन किया गया।
उरांव ने कहा कि गत वर्ष खेती में सरप्लस धान का उत्पादन हुआ। सरकार द्वारा केवल एक माह धान की खरीदारी की गयी, पर उसका भी पैसा अबतक किसानों को नहीं दिया गया। कहा, भाजपा के कार्यकाल में तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास ने किसान आशीर्वाद योजना की शुरुआत की थी, लेकिन इस सरकार ने उसे समाप्त कर दिया। हर मोर्चे पर सरकार किसानों को हतोत्साहित करने में जुटी है।
राज्य में भय व भ्रष्टाचार की सरकार
राज्य में भय और भ्रष्टाचार की सरकार चल रही है। जबसे हेमंत सोरेन मुख्यमंत्री का पदभार लिये हैं, तब से राज्य में कानून व्यवस्था चरमरा गयी है। बहनों के साथ दुष्कर्म की घटनाएं बढ़ी हैं और राज्य सरकार प्रशासन कार्रवाई की बजाय लीपापोती में लगी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के विधानसभा बरहेट में दुष्कर्म और हत्या हुई, रूपा तिर्की की हत्या की गयी। कहा, हेमंत सरकार अंधेर नगरी चौपट राजा कहावत को चरितार्थ कर रही है। आखिर पंकज मिश्रा पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है।
जंग हारे हैं, मैदान नहीं छोड़े
झारखंड भाजपा में गुटबाजी पर उरांव ने कहा कि बड़े परिवार में थोड़ा खटपट होता है, लेकिन संगठन पूरी तरह से एकजुट होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं को सार्थक कर रहा है। उन्होंने कोरोना काल में प्रधानमंत्री द्वारा किये गये कार्यों को गिनाया। कहा, झारखंड में तीन उपचुनाव में भाजपा की हार जरूर हुई है, लेकिन मैदान में भाजपा पूरी तरह से मुस्तैद होकर जनता के लिए काम कर रही है। इस मौके पर डिप्टी मेयर अमित सिंह, एसटी मोर्चा के प्रदेश कोषाध्यक्ष गणेश महाली, आदित्यपुर मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह समेत कई लोग उपस्थित थे।