होमझारखंडJharkhand Live News - पुलिस को मिलीं मदर टेरेसा वेलफेयर ट्रस्ट से...

Jharkhand Live News – पुलिस को मिलीं मदर टेरेसा वेलफेयर ट्रस्ट से भागीं दोनों नाबालिग लड़कियां, बताई अपने भागने की ये वजह

पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा पुलिस ने शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे जमशेदपुर के टेल्को खड़ंगाझाड़ स्थित मदर टेरेसा वेलफेयर ट्रस्ट से दो नाबालिग लड़कियों को बरामद कर सकुशल गोबरघुसी स्थित बाल कल्याण आश्रम पहुंचाया गया। पटमदा थाना प्रभारी अशोक राम ने बताया कि 11 जून की रात को मदर टेरेसा वेलफेयर ट्रस्ट टेल्को से पटमदा के गोबरघुसी बाल कल्याण आश्रम में जिला प्रशासन की ओर से भेजी गईं 23 नाबालिग लड़कियां व 16 नाबालिग लड़कों में से गुरुवार सुबह दो लड़कियां फरार हो गई थीं।

थाना प्रभारी अशोक राम व एसआई धिरंजन कुमार ने सीडब्ल्यूसी की टीम के साथ टेल्को स्थित आश्रम पहुंचकर दोनों लड़कियों को बरामद किया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि गोबरघुसी आश्रम में मन नहीं लगने से दोनों गुरुवार सुबह शौच जाने की बात कहकर पैदल ही जंगल के रास्ते टेल्को के खड़ंगाझाड़ स्थित मदर टेरेसा वेलफेयर ट्रस्ट पहुंचीं और रात को वहीं रुक गईं। फरार लड़कियां बोड़ाम थाना क्षेत्र के पोटकाडीह एवं डुमरिया के कालियाम की हैं। 

दोनों की बरामदगी से पुलिस-प्रशासन ने राहत की सांस ली है, क्योंकि गुरुवार को दोनों के गायब होते ही प्रशासन के हाथ पांव फूलने लगे थे। घटना की सूचना पाकर पटमदा बीडीओ शंकराचार्य सामद, सीओ चंद्रशेखर तिवारी, डीएसपी सुमित कुमार, इंस्पेक्टर बिमल किंडो, थाना प्रभारी अशोक राम ने करीब दो घंटे तक गोबरघुसी आश्रम में संस्था के सदस्यों व अन्य लोगों से पूछताछ की थी। 

साथ ही मामले को गंभीरता से लेते हुए गोबरघुसी से लेकर आसपास के गांवों, जमशेदपुर के विभिन्न ठिकानों एवं दोनों के घर समेत अन्य रिश्तेदारों के यहां तक पुलिस पहुंचकर खोजबीन शुरू कर दी थी। 24 घंटे के अंदर लड़कियों की सकुशल बरामगी के लिए स्थानीय लोगों ने पटमदा पुलिस की सराहना की है।

Most Popular