गढ़वा में खरौंधी थाना क्षेत्र के लामी सरहिया के लोहाधार में अपराधियों ने 13 वर्षीय बच्चे पंकज कुमार भारती की हत्या कर दी। हत्या से पहले उसके साथ दरिंदगी के निशान भी मिले हैं। बच्चे के गले पर रस्सी से दबाने का निशान मिला है। आंख भी फूटी हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार पंकज सुबह अपने घर से शौच के लिए निकला था। वह देर तक नहीं लौटा तो परिजन खोजबीन करने लगे। दिनभर उसके बारे में पता नहीं चला। देर शाम तक पंकज को परिजन खोजते रहे। उसे खोजते हुए शाम पांच बजे कुछ लोग नदी किनारे गए। वहां पंकज का शव पड़ा देखा तो सनसनी फैल गई। उसकी जानकारी परिजनों दी गई। बच्चे का शव देख परिवार के सदस्य दहाड़ मारकर रोने लगे।
सूचना पर जेएसआई पंकज कुमार दल बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने शव जब्त कर पंचनामा के काम में जुटी थी। फिलहाल पुलिस ने कुछ भी कहने से मना किया है। जांच और पोस्टमार्टम के बाद ही इस जघन्य अपराध के कारणों और अपराधियों का पता चल पाएगा।