आज के दौर में कई जगह अब भी लोग प्रेम विवाह के खिलाफ हैं। इसके चलते लोगों को कई बार अपनों की नाराजगी भी झेलनी पड़ती है। बिहार के भागलपुर जिले में कुछ इसी तरह का मामला दिखा है। यहां एक युवक ने अपनी प्रेमिका से कुछ दिन पहले प्रेम विवाह कर लिया और दुल्हन को घर ले आया, लेकिन लड़के के परिवार वाले इसके खिलाफ थे। शादी के कुछ दिन बाद ही परिवार के लोग मिलकर युवक और उसकी पत्नी को परेशान करने लगे। आरोप है कि मौका पाते ही आए दिन ससुराल वाले महिला के साथ छेड़खानी भी करते हैं।
मामला सबौर थाना क्षेत्र के छोटी इब्राहिमपुर का है। यहां की रहने वाली महिला अपने पति के साथ शिकायत लेकर गुरुवार को एसएसपी कार्यालय पहुंची। महिला ने बताया कि उसका मायका लोदीपुर है और सबौर के पंकज कुमार के साथ उसने इसी साल 21 फरवरी को शादी की है। पंकज के घरवालों की इच्छा के विरुद्ध दोनों शादी की थी। महिला ने आरोप लगाया कि 14 जून को उसके भसुर मनीष कुमार, ससुर बाबूलाल मंडल, उसकी ननद और ननदोई ने मिलकर उसके पति और उसके साथ मारपीट की।
महिला का आरोप है कि जब वह अपने पति को बचाने के लिए बीचबचाव करने गयी तो उसके भसुर ने उसके साथ छेड़खानी भी की। उसका मोबाइल भी तोड़ दिया। महिला का कहना है कि जब वह अपने घायल पति के साथ सबौर थाना पहुंची तो वहां से पुलिस ने कहा कि पहले इलाज कराओ तब आना। महिला का कहना है कि डर की वजह से वह अपने पति के साथ अपने मायके में ही रह रही है। उसका पति पंकज मजदूरी करता है।