बिहार में लगातार 24 घंटे की बारिश से सभी नदियों के जलस्तर में वृद्धि हुई है। हालांकि गंडक और बूढ़ी गंडक को छोड़ सभी नदियां अभी लाल निशान से नीचे हैं। इसके अलावा सभी स्थानीय नदियों के जलस्तर में भी वृद्धि हुई है। अधिसंख्य के जलस्तर में रविवार तक और वृद्धि की आशंका है। इस बीच नेपाल में कम वर्षा होने के कारण कोसी और गंडक के डिस्चार्ज में बहुत वृद्धि नहीं हुई है। वहीं राज्य में शुक्रवार की रात और शनिवार को दिन में वज्रपात के कारण सात लोगों की मौत हो गई। ये सभी मौतें पटना सहित पांच जिलों में हुई हैं। इन लोगों को आपदा प्रबंधन विभाग प्रावधान के तहत मुआवजा देगा। हर मृतक के परिजनों को चार-चार लाख रुपये मिलेंगे। विभाग ने इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
राज्य के विभिन्न इलाकों में पिछले 24 घंटे में जमकर वर्षा हुई है। पटना सहित तीन स्थानों पर 100 एमएम से अधिक वर्षा हुई है। 50 एमएम से अधिक वर्षा दस स्थानों पर दर्ज की गई है। सबसे अधिक 146 एमएम वर्षा पटना में हुई है। इसके बाद तैयबपुर में 118 और हाजीपुर में 125 एमएम वर्षा रिकार्ड की गई है। इंद्रपुरी, चनपटिया, हाथीदह, डुमरियाघाट, पटना के श्रीपालपुर और समस्तीपुर में वर्षा 55 से 81 एमएम तक हुई है। लगातार हो रही बारिश के बावजूद शनिवार को बराह क्षेत्र में कोसी का डिस्चार्ज 77 हजार तो बराज पर एक लाख छह हजार घनसेक था। गंडक का डिस्चार्ज भी वाल्मीकीनगर बराज पर एक लाख घनसेक के आसपास ही था। बावजूद गंडक डुमरिया घाट में लाल निशान से 41 सेमी ऊपर है। बूढ़ी गंडक भी रोसड़ा में लाल निशान से 20 सेमी ऊपर है।
कोसी नदी बालतारा में लाल निशान से 58 सेमी नीचे बह रही है लेकिन रविवार तक इसके जलस्तर में लगभग 33 सेमी वृद्धि होने की आशंका है। बागमती नदी रोसडा़ में रेल पुल के पास 26 सेमी ऊपर चढ़कर लाल निशान को पार कर गई है। गंगा के जलस्तर में भी बक्सर और कहलगांव को छोड़ सभी जगहों पर बढ़ा है। लेकिन, पटना में यह नदी बढ़ने के बाद भी दीघाघाट पर लाल निशान से लगभग पौने तीन मीटर और गांधी घाट में भी डेढ़ मीटर नीचे है। कोईलवर में सोन नदी का जलस्तर भी चढ़ा है, लेकिन अभी यह लाल निशान से काफी नीचे है।
डिप्टी सीएम रेणु देवी के सरकारी आवास परिसर में घुटने भर पानी
पटना में हुई भारी बारिश से सरकारी आवास और दफ्तर भी जलमग्न हो गए हैं। शुक्रवार देर रात ढाई घंटे तक हुई बारिश ने नगर निगम की पोल खोल दी है। पटना के वीआईपी इलाके भी जलजमाव से अछूते नहीं रहे। उपमुख्यमंत्री रेणु देवी के थ्री स्टैंड रोड स्थित आवास परिसर में घुटने भर पानी भर गया है। आवास के बाहर की सड़क पर भी जलजमाव है। पूर्व मंत्री सह विधायक नंदकिशोर यादव का सरकारी आवास नेताजी मार्ग में स्थित है। इनके आवास में भी बारिश का पानी लग गया है। कई बड़े अधिकारियों के क्वार्टर में भी जलभराव हो गया है। विधानसभा परिसर में घुटने भर पानी लगा रहा। विधानसभा भवन नूतन राजधानी अंचल में है। यहां के अधिकारी अतिरिक्त पंप लगाकर पानी की निकासी लगातार कर रहे हैं।
विश्वेश्वरैया भवन परिसर में घुटने भर पानी लगा हुआ है। यहां स्थित रेलवे टिकट काउंटर के कमरे भी पानी लगा है। जिला शिक्षा कार्यालय में करीब दो फीट तक पानी लगा रहा। गर्दनीबाग पोस्ट ऑफिस भी डूब चुका है। जयप्रभा अस्पताल में बारिश रुकने के बाद तीन से चार घंटे तक पानी लगा रहा।
गौरतलब है कि वर्ष 2019 में जब पटना में भारी जलजमाव हुआ था, उस समय भी इन वीवीआईपी इलाकों में जलजमाव हुआ था। कई मंत्रियों के सरकारी आवास डूब गये थे। अभी तक अधिकारियों द्वारा कहा जा रहा थी कि 150 मिमी तक बारिश होने पर भी दो से तीन घंटे में पानी निकल जाएगा। लेकिन, शनिवार को ऐसा नहीं हुआ। शहर के कई मोहल्लों से शाम तक पानी नहीं निकला था।