राज्य भर में स्थानीय प्रभावों से बने गरज वाले बादलों की वजह से बारिश की स्थिति बरकरार है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार एक जुलाई तक सूबे में कमोबेश ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी। इस वजह से पूरे सूबे के लिए एक जुलाई तक येलो अलर्ट जारी किया गया है। एक जुलाई को 23 जिलों में कुछ जगहों पर भारी बारिश की स्थिति को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी कर लोगों को सचेत रहने की अपील की गई है।
पिछले 24 घंटे में राज्य में कई जगहों पर वज्रपात की घटनाएं हुईं, जिनमें जानमाल के नुकसान का आकलन किया जा रहा है। राज्य में सबसे ज्यादा बारिश कोदवानपुर में 130 मिमी, बसुआ और सोलीघाट में 110 मिमी, बिहारशरीफ, जाले और कमतौल में 80 मिमी बारिश, सुपौल में 60.4, मधुबनी में 84 मिमी बारिश दर्ज की गई।
इसके अलावा पटना में रविवार को दोपहर बाद झमाझम बारिश हुई। यहां सुबह साढ़े आठ बजे से शाम पांच बजे के बीच 22.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। गया में भी झमाझम बारिश के बाद जगह-जगह जलजमाव हो गया है। रविवार को यहां 10.6 मिमी बारिश हुई। भागलपुर और पूर्णिया में आंशिक बूंदाबांदी दर्ज की गई।
सूबे में मानसून सक्रिय है। पूरे सूबे में दक्षिण पूर्वी हवा का प्रभाव है। कई जगहों पर संवहनीय बादल बन रहे हैं। शहर के एक हिस्से में बारिश और वज्रपात होती है तो बाकी हिस्से में उसका कोई प्रभाव नहीं हुआ। पटना में शुक्रवार की दोपहर भी यही स्थिति रही। दिनभर धूप की वजह से लोगों ने गर्मी और उमस झेली जबकि दोपहर बाद बेली रोड व इसके आसपास के इलाके में झमाझम बारिश हुई।
मौसमविदों का कहना है कि ये बादल बड़े खतरनाक होते हैं। वातावरण में नमी की वजह से ताप मिलते ही कुछ इलाकों में गरज के साथ तीव्रता से बरसते हैं। जबकि मानसून के बादल बिल्कुल अलग होते हैं क्योंकि उनका विस्तार काफी दूर तक होता है और एक साथ कई जिलों में झमाझम बारिश होती है। झारखंड व उसके सटे हवा का चक्रवातीय क्षेत्र अब उत्तरी छतीसगढ़ व उसके आसपास शिफ्ट कर गया है। इसके प्रभाव से पटना सहित सूबे के लगभग सभी जिलों में अगले 24 घंटे में हल्की से मध्यम बारिश जबकि कुछ जगहों पर भारी बारिश की स्थिति बन सकती है।
एक जुलाई को इन जिलों के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
पूर्वी व पश्चिम चंपारण, सीवान, सारण, गोपालगंज, सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर, समस्तीपुर, सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया, कटिहार, बांका, भागलपुर, मुंगेर, खगड़िया।
राज्य में एक से 27 जून तक सामान्य से 138 प्रतिशत अधिक बारिश
अब तक सूबे में जून में हुई है 321.6 मिमी बारिश
पटना जिले में जून में अबतक 350 मिमी बारिश हुई है
यह सामान्य से लगभग 253 प्रतिशत ज्यादा है
प्रमुख शहरों का तापमान ऐसा रहा
शहर अधिकतम न्यूनतम
पटना 34.6 26.4
गया 34.5 24.8
भागलपुर 36.5 27.1
पूर्णिया 34.2 27