अवैध संबंध का विरोध करने पर पति ने पत्नी को इतना पीटा की घायल पत्नी की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस संबंध में मृतका के भाई ने खड़गपुर थाना में बहनोई सहित चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है।
मृतका के भाई महकोला गांव निवासी अनिल बिंद ने बताया है कि उसकी बहन सुनीता देवी की शादी सुल्तानगंज थानाक्षेत्र के असियाचक गांव निवासी अमर बिंद से हुई थी। बहनोई अमर बिंद का एक नजदीकी रिश्तेदार से अवैध संबंध है। जब सुनीता को इसका पता चला तो उसने इसका विरोध किया। इससे गुस्सा होकर पति अमर बिंद सहित ससुराल के अन्य लोगों ममता देवी, राजकुमार बिंद, सबोजिया देवी ने मिलकर शुक्रवार को सुनीता को जमकर पीटा। इससे सुनीता गंभीर रूप से जख्मी हो गई।
सूचना मिलने पर सुनीता देवी को हवेली खड़गपुर लाया। यहां आकर उसने घटना की जानकारी दी। गंभीर स्थिति में उसे इलाज के लिए हवेली खड़गपुर अस्पताल ले गया, जहां उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही हवेली खड़गपुर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर भेज दिया।
थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि मृतका के भाई के बयान के पर अमर बिंद, ममता देवी, राजकुमार बिंद, सबोजिया देवी को नामजद किया गया है। फर्द बयान को सुल्तानगंज थाना भेजा जाएगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर भेजा गया है।