शादी को लेकर लड़कियों के कई अरमान होते हैं कि उसके सपनों का राज कुमार कैसा होगा। शादी की घड़ी आई तो युवती दुल्हन बन गई। लग्जरी गाड़ियों में भरकर बाराती भी लड़की पक्ष के द्वार पर पहुंच गए थे। सात फेरे होने के बाद अगले दिन दूल्हा नई नवेली दुल्हन के साथ उसी लग्जरी कार में बैठ गया जिससे वह आया था। दुल्हन को भी लग्जरी कार की सवारी खूब भा रही थी। उसका सपना पूरा हो रहा था। कार दूल्हा और दुल्हन को लेकर निकले। ससुराल से थोड़ी दूर पहले कार रुकी दूल्हा-दुल्हन को उतरने के लिए कहा गया। ज्यों ज्यों दुल्हन कार से उतर रही थी त्यों-त्यों उसका पारा चढ़ता जा रहा था। कार के पास एक सजा-धजा रिक्शा खड़ा था। दूल्हा-दुल्हन को रिक्शे पर बैठाया गया। रिक्शे पर बैठे दूल्हा-दुल्हन का किसी ने वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
#Bihar : भारी बारिश की वजह से हाजीपुर जिले में एक दुल्हन को कार से उतरकर रिक्शे में बैठकर ससुराल जाना पड़ा। इस घटना का वीडियो वायरल हो रहा है। pic.twitter.com/qaJRp5nrNY
— Hindustan (@Live_Hindustan) June 25, 2021
बिहार के हाजीपुर जिले के सदर अनुमंडल के अंतर्गत रामपुर गांव में सड़क पर बाढ़ का पानी भरा है। इस वजह से यहां के लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी हो रही है। जलभराव के कारण नई नवेली दुल्हन की फजीहत हो गई। दुल्हन मायके से तो कार से निकली थी लेकिन ससुराल पहुंचने से पहले ही उसे कार से उतरना पड़ गया। यहां महिलाएं नई नवेली दुल्हन का स्वागत करने के लिए पहले से मौजूद थीं। दुल्हन के कार से उतरते ही महिलाओं ने पारंपरिक गीत गाया और दुल्हन को दूल्हे के साथ रिक्शे पर बैठाया। उसके बाद दूल्हा अपने नई नवेली दुल्हन के साथ रिक्शे से घर पहुंचा। दूल्हा-दुल्हन के रिक्शे पर बैठने का किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
एक तो बारिश ऊपर से बाढ़ का पानी बना जी का जंजाल
बिहार में भीषण बारिश के चलते कई गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है। जिसके कारण लोगों को निकलने में काफी परेशानी हो रही है। कई जगह तो लोग रातें जागकर काटने को मजबूर हैं। सरकारी सिस्टम की नाकामी के चलते पानी की कहीं निकासी नहीं हो पा रही है। लोगों का कहना है कि सरकारी लापरवाही के कारण भारी बारिश के बाद जलभराव बरकरार है। गांव में पानी भरने की वजह से शादी समारोह करने में भी लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यही वजह है कि दूल्हा-दुल्हन को भी सरकार के गलत सिस्टम का खामियाजा भुगतना पड़ा।