बिहार के कटिहार में जल्द ही नई परियोजनाएं शुरू होने जा रही हैं। इसके लिए पूरी प्लानिंग कर ली गई है। मानसून से पहले शुरू होने वाली इन नई योजनाओं से जिले को कई तरह की सहूलियत मिलने की उम्मीद है। इसको लेकर गुरुवार को नगर निगम के सशक्त स्थायी समिति की बैठक हुई। जिसमें 25 करोड़ की लागत से 45 नई योजनाओं का कार्यान्वयन करने का निर्णय लिया गया। मेयर शिवराज पासवान की अध्यक्षता में नगर निगम के सभागार में बैठक हुई।
जानकारी देते हुए उपमेयर सूरज प्रकाश राय ने बताया कि पूर्व से चल रहे लगभग चालीस से पचास करोड़ की लागत से योजनाओं में तेजी लाने का भी सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। जबकि पच्चीस करोड़ की लागत से नई योजना का कार्यान्वयन मानसून के पूर्व किया जायेगा। उन्होंने बताया कि निगम क्षेत्र में जल जमाव की समस्या के स्थायी निदान को लेकर मुख्य रुप से चर्चा हुई। निगम क्षेत्र के सभी 45 वार्डों में कार्य में तेजी लाने के लिए दो उपनगर आयुक्त को क्रमश: 22 एवं 23 वार्डों के कार्यों का मोनेटरिंग करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा पूर्व में कृषि उत्पाद बाजार समिति द्वारा संचालित हाट जो नगर निगम में आ गया है उसके विकास के लिए रणनीति बनायी गयी।
मंगलबाजार, बड़ा बाजार एवं चालीसा हाट का सर्वेक्षण कराकर आंतरिक संसाधन के तहत राजस्व वृद्धि पर विचार विमर्श किया गया। मानसून आगमन के मद्देनजर तीव्र गति से कार्य निष्पादन कराया जायेगा। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना की अद्यतन स्थिति पर चर्चा करते हुए प्रतीक्षा सूची में लाभुकों को शीघ्र राशि उपलब्ध कराकर आवास बनाने की दिशा में तेजी लायेगी। बैठक में उपनगर आयुक्त, जेई अमर कुमार झा, अजय सिंह समेत सशक्त स्थायी समिति के वार्ड पार्षदों ने भाग लिया।