होमबिहारBihar Live News - मधुबनी: बासोपट्टी में बछराजा नदी में नाव पलटी,...

Bihar Live News – मधुबनी: बासोपट्टी में बछराजा नदी में नाव पलटी, 10 लोगों को रेस्क्यू कर बचाया गया

मधुबनी जिले के बासोपट्टी प्रखंड के मढ़िया गांव के समीप बछराजा नदी में मंगलवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे यात्रियों से भरी एक नाव पलट गई। नाव में सवार 10 लोगों को स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू कर बचा लिया। नाव पर दस लोग ही सवार बताये गये हैं।

बताते हैं कि बीच नदी में जाकर संतुलन बिगड़ने के कारण नाव पलट गई। नाव पलटने से कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने रस्सी फेंककर व जेसीबी के सहारे रेस्क्यू कर सभी लोगों को बचा लिया। थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि जान माल की कोई क्षति नहीं हुई है। सभी लोगों को नदी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।

मढ़िया गांव स्थित बछराजा नदी में दो करोड़ की लागत से उच्चस्तरीय पुल का निर्माण किया जा रहा है। निर्माण कार्य की अवधि समाप्त होने के बाद भी पुल का निर्माण पूरा नहीं हो पाया है। डायवर्सन होकर आवागमन किया जा रहा था। नदी में बाढ़ आ जाने के कारण डायवर्सन एक सप्ताह पूर्व ही बह गया। आवागमन पूरी तरह से ठप होने के कारण दो दिन पूर्व अंचल की ओर से नदी पार करने के लिए नाव उपलब्ध कराया गया है। 

सीओ हर्ष हरि ने बताया कि आवगमन के लिए तीन जुलाई को नाव उपलब्ध करायी गयी। क्षमता से अधिक लोगों के चढ़ जाने के कारण हादसा होने की जानकारी मिली है। सभी को बचा लिया गया है। नाव परिचालन के लिए चौकीदारों की प्रतिनियुक्ति की गयी है।

Most Popular