भागलपुर जिले के आदमपुर के सीसी मुखर्जी रोड में रहने वाले पार्ट टू के छात्र राजवंश सिंह (21) ने सोमवार को अपने घर में फंदे से लटककर जान दे दी। उसे लटकता देख परिजन फंदे से उतार इलाज के लिए मायागंज लेकर आये। तबतक देर हो चुकी थी। डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। छात्र के शव का पोस्टमार्टम करा परिजन को सौंप दिया गया।
उसके पिता सत्येंद्र सिंह ने मायागंज में पुलिस के समक्ष बयान दिया। राजवंश के भाई युवराज ने बताया कि उसके दादा परशुराम सिंह इंजीनियरिंग कॉलेज में प्रोफेसर के पद से रिटायर हुए थे। युवराज ने बताया कि वे लोग मूल रूप से छपरा जिले के नरगा थाना क्षेत्र के सिसवां गाम के रहने वाले हैं। उसके पिता सत्येंद्र सिंह भागलपुर में पहले केबल टीवी का काम किया करते थे।
आत्महत्या करने वाले छात्र राजवंश सिंह के पिता सत्येंद्र सिंह ने पुलिस को दिये बयान में कहा है कि वह किसी काम से घर से बाहर गये थे। वापस लौटे तो राजवंश का कमरा बंद था। खटखटाने पर नहीं खोला तो जोर से धक्का मारने पर खुल गया। दरवाजा खुलने पर देखा कि वह पंखे में रस्सी के फंदे से लटका हुआ था। उनका कहना है कि बेटे को फंदे से लटकता देख वे जोर जोर से रोने लगे। पड़ोसियों की मदद से उसे फंदे से उतारने के बाद अस्पताल ले गये थे।
उन्होंने बताया कि राजवंश तैयारी करने के लिए दिल्ली जाना चाहता था। दिल्ली जाने के लिए कुछ पैसे की जरूरत थी पर पैसे नहीं होने के कारण वह पिछले चार-पांच दिनों से चिंतित रहता था। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से राजवंश किसी से कुछ बोलता भी नहीं था और गुमशुम रहता था। राजवंश के भाई ने बताया कि हाल ही में उसे नया मोबाइल भी खरीद कर दिया गया था।