होमबिहारBihar Live News - बिहार मॉनसून: आजकल आंशिक रूप से छाए रहेंगे...

Bihar Live News – बिहार मॉनसून: आजकल आंशिक रूप से छाए रहेंगे बादल, कहीं भारी तो कहीं होगी हल्की बारिश, जानें मौसम का हाल

बिहार में मॉनसून का असर बीते 24 घंटे में कमजोर हुआ है। हवाओं के रुख में थोड़ा बदलाव हुआ तो उमस से लोगों को राहत मिली लेकिन बारिश होने की उम्मीद कमजोर हो गयी है। भारतीय मौसम विभाग ने शुक्रवार एवं शनिवार को आंशिक रूप से बादल छाये रहने की संभावना जताते हुए अनुमान जताया है कि दोनों दिन कहीं-कहीं हल्की बारिश या फिर बौछारें पड़ सकती हैं। 

बीते 24 घंटे की बात करें तो इस दौरान दिन के तापमान में 0.9 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है तो रात के तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की मामूली गिरावट हुई है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य तापमान से क्रमश: पांच एवं दो डिग्री सेल्सियस कम रहा। सुबह साढ़े आठ बजे 92 प्रतिशत रही आर्द्रता शाम साढ़े पांच बजे तक कम होकर 81 प्रतिशत पर आ गयी। बीते 24 घंटे में शहर में पांच मिमी बारिश हुई। 

गुरुवार को दिन भर 4.8 किमी प्रति घंटे की औसत रफ्तार से उत्तर-पूर्वी हवा बही। मौसम वैज्ञानिक जीपी मंडल ने बताया कि शुक्रवार एवं शनिवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाये रहेंगे। इस दौरान दिन का तापमान 32 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। इस दौरान कहीं-कहीं हल्की बारिश या फिर गरज के साथ बौछारें पड़ सकती है। 

बीते 12 साल में कभी नहीं हुई जून माह में 222.4 मिमी बारिश
इस साल जून माह में अब तक कुल हुई बारिश का आंकड़ा बढ़कर 222.4 मिमी पर पहुंच गया है। इतनी बारिश बीते 12 साल में कभी नहीं हुई है। इसके पहले साल 2012 के जून माह में 142.6 मिमी और साल 2020 के जून माह 163.6 मिमी बारिश हुई थी। जबकि जिले में इस साल की कुल बारिश का आंकड़ा बढ़कर 430.5 मिमी पर पहुंच चुका है।

Most Popular