दुष्कर्म के आरोपों में फंसे बिहार पुलिस के सीनियर डीएसपी कमलाकांत प्रसाद को निलंबित कर दिया गया है। गृह विभाग ने उनके निलंबन का संकल्प जारी कर दिया। नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के मामले में पिछले महीने ही कमलाकांत प्रसाद के खिलाफ गया के महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज हुई थी।
बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-1 में तैनात सीनियर डीएसपी कमलाकांत प्रसाद लम्बे समय तक केन्द्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) में प्रतिनियुक्त थे। गया में तैनाती के दौरान अपने सरकारी आवास पर नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में उन पर मामला दर्ज किया गया है। गया के महिला थाने में 27 मई 2021 को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसी मामले में राज्य सरकार ने उन्हें तत्काल निलंबित करने का आदेश जारी किया है। निलंबन अवधि में वह पुलिस मुख्यालय में रहेंगे। संकल्प के मुताबिक निलंबन अवधि में वह सक्षम प्राधिकार के आदेश के बिना मुख्यालय नहीं छोड़ सकते।
गया महिला थाना में दर्ज दुष्कर्म के मामले की जांच सीआईडी (कमजोर वर्ग) द्वारा की जा रही है। 14 जून को ही कमलाकांत प्रसाद की गिरफ्तारी के लिए एडीजी (कमजोर वर्ग) अनिल किशोर यादव ने आदश जारी किया था। गिरफ्तारी के लिए पटना और गया के एसएसपी को पत्र लिखकर उन्होंने विशेष टीम बनाने का आदेश भी दिया है।