होमबिहारBihar Live News - बिहार: खरीफ के लिए आफत बनी बारिश, खेतों...

Bihar Live News – बिहार: खरीफ के लिए आफत बनी बारिश, खेतों में पानी लगने से धान की रोपनी बाधित, किसानों को डरा रहा मौसम का रवैया

लगातार हो रही बारिश खरीफ के लिए बड़ी आफत बन गई है। उत्तर बिहार के अधिकांश जिलों में अब तक ठीक से धान की रोपनी भी शुरू नहीं हुई है। पहले बिचड़ा बर्बाद हुआ और अब खेतों में तीन से चार फीट तक पानी होने के कारण रोपनी नहीं हो पा रही है। तिरहुत और दरभंगा प्रमंडल में पचास फीसदी से अधिक निचली जमीन में धान लगाया जाता है। इनमें से 80 फीसदी से अधिक भूभाग में अभी दो से चार फीट पानी लगे होने के कारण रोपनी नहीं हो सकती है।

26 जून तक के रिकार्ड के अनुसार तिरहुत प्रमंडल के जिलों  में केवल 2.41 फीसदी रोपनी ही हो सकी है।  प्रमंडल में धान आच्छादन का लक्ष्य 6.27लाख हेक्टेयर रखा गया है। अब तक केवल 14 हजार हेक्टेयर में ही रोपनी हो पाई है। प्रमंडल में मुजफ्फरपुर,वैशाली,शिवहर और पूर्वी चंपारण में एक धूर जमीन में धान रोपनी नहीं हुई है। 

पश्चिमी चंपारण में 10.74 हजार और सीतामढ़ी में 3.16 हजार हेक्टयर में ही रोपनी हो सकी है। विभागीय सूत्रों के अनुसार जून के अंत तक कम से कम चालीस फीसदी तक रोपनी का अनुमानित लक्ष्य रहता है। इस बार आच्छादन पचास फीसदी भी पहुंचने की संभावना नहीं दिख रही है। निर्धारत लक्ष्य के अनुसार प्रमंडल में 6.27 लाख हेक्टेयर में धान की खेती होनी है। इनमें मुजफ्फरपुर में1.30 लाख हे.,वैशाली में 54 हजार ,सीतामढ़ी में 97 हजार,शिवहर में 25 हजार,पूर्वी चंपारण में 1.83 लाख और प.चंपारण में 1.38 लाख हेक्टेयर आच्छादन का लक्ष्य रखा गया है। 

वहीं दूसरी ओर किसानों का इस बात की आशंका भी है कि अगर अगस्त-सितंबर में बारिश नहीं हुई तो किसी तरह लगाई गई फसल भी बर्बाद हो जाएगी। तिरहुत प्रमंडल के संयुक्त कृषि निदेशक रामप्रकाश सहनी ने कहा कि लगातार बारिश के कारण लक्ष्य पाना मुश्किल लग रहा है।

Most Popular