बिहार में स्थापित होने जा रहे खेल विश्वविद्यालय में भी 33 प्रतिशत सीटें लड़कियों के लिए आरक्षित होंगी, ताकि अधिक से अधिक लड़कियों का उसमें नामांकन सुनिश्चित हो सके। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को इस संबंध में पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिये हैं।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि इससे खेल की तरफ छात्राएं और अधिक प्रेरित होंगी। मालूम हो कि इससे पहले मुख्यमंत्री ने इंजीनियरिंग और मेडिकल विश्वविद्यालयों में भी लड़कियों के लिए 33 प्रतिशत सीटें आरक्षित करने की घोषणा की है, जिस पर कार्रवाई चल रही है।
मुख्यमंत्री के समक्ष बुधवार को एक अणे मार्ग में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कला, संस्कृति एवं युवा विभाग की ओर से खेल विश्वविद्यालय के संबंध में प्रस्तावित विधेयक पर विस्तृत जानकारी रखी गई। समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि इसके कुछ बिन्दुओं पर और गहन विचार-विमर्श करने की आवश्यकता है। पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि शीघ्र ही इस पर विचार-विमर्श एवं स्थल भ्रमण कर इसे पुनः प्रस्तुत किया जाए।