बांका के टाउन थाना के नवटोलिया स्थित मदरसा बलास्ट मामले का मंगलवार को कुछ खुलासा होने की संभावना बनी हुई है। पुलिस कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस को कुछ अहम सुराग लगने का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि इस संबंध में कोई अधिकारिक पुष्टि नहीं की जा रही है।
8 जून को नवटोलिया स्थित मस्जिद के मदरसा में विस्फोट हुआ तथा पूरा मदरसा भवन ध्वस्त हो गया। इस बलास्ट में मदरसा के इमाम अब्दुल मोबीन अंसारी की मौत हो गई। मदरसा मामले की जांच एसएफएल व एटीएस की टीम ने घटनास्थल पर पहुंच कर किया। अभी भी एनआईए के जांच की चर्चा जिले में चल रही है। मदरसा के बलास्ट स्थल को प्रशासन ने सील कर दिया है। बलास्ट के दो दिनेां बाद एसपी व डीएम ने प्रेस वार्ता आयोजित कर कहा था कि मदरसा में देसी बम का बलास्ट हुआ है। इसकी जांच चल रही है। पुलिस ने इस मामले को काफी गोपनीय ढंग से जांच किया है। पुलिस मृतक इमाम के घर सारठ(झारखंड) जाकर भी जांच की तथा एक टीम दरभंगा भी जांच के लिए पहुंची। इधर सूत्रों की माने तो पुलिस ने कुछ लोगों को पूछताछ के लिए दो दिन से हिरासत में लिया है। पुलिस गहन रूप से पूछताछ कर रही है। अनुमान लगाया जा रहा है कि मंगलवार को पुलिस इस मामले में कुछ खुलासा कर सकती है।
गांव का माहौल नहीं हो रहा सामान्य
नवटोलिया गांव में बलास्ट के बाद से ही गांव के अधिकांश पुरूष फरार हैं। महिलाएं व बच्चे भी घर में ही कैद रह रहे हैं। कोई भी कुछ बताने को तैयार नहीं हो रहा है। हर आने जाने वालों पर गांव में रह रहे लोगों की पैनी नजर बनी हुई है। मदरसा के आसपास के घर बंद पड़े हैं। मस्जिद व मदरसा कमेटि के लोग भी गांव से गायब हैं। ऐसे में पुलिस को जांच में भी परेशानी हो रही है। अरविन्द कुमार गुप्ता, एसपी, बांका ने बताया कि मदरसा बलास्ट मामले की एसआईटी टीम से जांच कराई जा रही है। मामले में कुछ जानकारी पुलिस को मिली है। पुलिस हर बिदूं पर जांच कर रही है। जल्द ही इसका खुलासा कर दिया जाएगा।