भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा है कि बिहार की जनता ने राजद शासन के गुंडाराज, लोगों को ठगने वाला राज और अपहरण उद्योग के खिलाफ भाजपा को जनादेश दिया। उस दौर को कोई नहीं भुला सकता जब अपहरण उद्योग बनने के कारण लोग औने-पौने दाम में अपनी संपत्ति बेचकर बिहार से दिल्ली-मुंबई भाग रहे थे। जनता समझ गई कि विपक्षी दलों का व्यवहार निरर्थक रहा। इस कारण ही भाजपा को अच्छा जनादेश मिला।
रविवार को बिहार भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की वर्चुअल बैठक में दिल्ली से जुड़े भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जनता ने जो जनादेश दिया, एनडीए सरकार उसे पूरा कर रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार अग्रणी राज्य बनकर रहेगा। अब खिलता हुआ, बढ़ता हुआ, छलांग लगाता हुआ बिहार है। बिहार मजबूत होगा तो देश मजबूत होगा। विचारों का प्रवाह वाला बिहार, समृद्ध परम्पराओं और ज्ञानियों व तपोवन की भूमि वाला बिहार समृद्ध होने की राह पर है।
कोरोना काल में विपक्ष आइसोलेशन में चला गया
विपक्षी दलों पर प्रहार करते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि एक ओर कोरोनाकाल में केंद्र व राज्य सरकार काम करती रही तो विपक्ष के लोग आइसोलेशन में चले गए और क्वारंटाइन हो गए। तंज कसा कि टि्वटर और टीवी को छोड़ दें तो धरती पर कहीं दिखते ही नहीं हैं। हमने पहले भी कहा था कि विपक्षी दल के नेता केवल चुनाव के समय ही दिखते हैं। जनता देख रही है कि कौन साधक है और कौन बाधक। कोरोना की पहली व दूसरी लहर में गायब रहने वाले नेता आगे भी किसी महामारी में गायब ही रहेंगे।
वैक्सीनेशन पर भी विपक्षी नेता लोगों को गुमराह कर रहे
नड्डा ने आरोप लगाया कि विपक्ष ने हर मौके पर केवल राजनीति की है। वैक्सीनेशन पर भी विपक्षी नेता लोगों को गुमराह करने में लगे हैं। लोगों को अटकाने, भटकाने व लटकाने का काम कर रहे हैं। पोलियो, डीबीटी, चेचक आदि में देश दूसरे देशों पर निर्भर था जबकि कोरोना में भारत ने अपनी वैक्सीन बनायी। दिसम्बर तक 257 करोड़ टीका उत्पादित हो जाएगा। यानी देश के सभी नागरिकों को दोनों डोज दे दिया जाएगा।
पार्टी हर बूथ पर दो-दो हेल्थ वॉलेंटियर्स तैयार करेगी
पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि हम राजनीति के साथ ही समाज में परिवर्तन के लिए आए हैं। पार्टी हर बूथ पर दो-दो हेल्थ् वॉलेंटियर्स तैयार करेगी ताकि आपदा में वे सहयोग कर सकें। गरीबों को राशन दिलाएं। सप्ताह में दो दिन टीका केंद्रों पर जाकर लोगों को वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित करें। रेहड़ी वालों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाएं। हमारा बूथ कोरोनामुक्त और वैक्सीनेशन युक्त हो की तर्ज पर काम करें। योग्य किसानों को चयनित कर कृषि उत्पादन समूह बनाएं। जन औषधि केंद्रों में दवा मिले, यह सुनिश्चित करें। यही योजनाएं भारत को मजबूत करेंगी।