होमबिहारBihar Live News - जनता के दरबार में मुख्यमंत्री कार्यक्रम 12 से...

Bihar Live News – जनता के दरबार में मुख्यमंत्री कार्यक्रम 12 से फिर शुरू होगा, सीएम नीतीश खुद सुनेंगे लोगों की समस्याएं

जनता के दरबार में मुख्यमंत्री कार्यक्रम पांच सालों बाद फिर शुरू हो रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को कहा है कि 12 जुलाई से इसकी शुरुआत होगी। हर सोमवार को मुख्यमंत्री से लोग आमने-सामने बैठकर अपनी समस्या और शिकायत करेंगे। मुख्यमंत्री ऑनस्पॉट लोगों की समस्याओं के निष्पादन का निर्देश पदाधिकारियों को देंगे। 

जनता के दरबार में मुख्यमंत्री कार्यक्रम शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली गई है। दो दिनों पहले मुख्यमंत्री ने खुद भी जनता दरबार स्थल का मुआयना किया था। इस बार यह दरबार मुख्यमंत्री सचिवालय 4 केजी के परिसर में लगेगा। कोरोना संक्रमण को देखते हुए इस स्थल पर आने वालों के बीच सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया जाएगा। इसी के अनुसार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। 

इसके पहले यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री आवास एक अणे मार्ग में होता था। इससे पहले अप्रैल, 2006 से मई 2016 तक मुख्यमंत्री ने यह कार्यक्रम किया था। इस संबंध में मुख्यमंत्री ने पटना में पत्रकारों से कहा कि लगातार दो कार्यकाल तक हम हर सोमवार को जनता के दरबार में मुख्यमंत्री कार्यक्रम करते रहे। महीने में तीन सोमवार को यह कार्यक्रम होता था। फिर लोक शिकायत निवारण कानून हमने लोगों के लिए बना दिया। इसके बाद वर्ष 2016 से हो गया कि अब जनता के दरबार में मुख्यमंत्री कार्यक्रम की कोई आवश्यकता नहीं है। पर, बाद में कई जगह लोगों ने कहा कि जनता दरबार होना चाहिए। 

इसके बाद 2020 विस चुनाव के बाद हमने एलान कर दिया था कि इसे शुरू करेंगे। जनता दरबार और पहले से ही हम करते पर, ऐसा कोरोना का दौर चला, जिससे बाधा हुई। पर, अगले सोमवार से यह काम हम करने वाले हैं। इसकी तैयारी को लेकर हमने सबकुछ देख लिया है। एक-एक चीज पदाधिकारियों को बता दिया है।

जिला स्तर पर होगी लोगों को लाने की व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो तरीका पहले जनता के दरबार में मुख्यमंत्री कार्यक्रम का था, वही इस बार भी अपनाया जाएगा। सिर्फ इस समय, चूकि कोरोना का दौर चला है, इसलिए जो भी लोग आना चाहेंगे, उनको आने की सब सुविधा जिला स्तर पर दी जाएगी। इसके बार में नियम बनाने को हमने कह दिया है। इसकी पूरी जानकारी लोगों को दी जाएगी। मुख्य सचिव त्रिपुरारी शरण ने जनता के दरबार में मुख्यमंत्री कार्यक्रम शुरू किये जाने को लेकर संबंधित विभागों, सभी प्रमंडलीय आयुक्तों और डीएम के साथ वीडियो कांफ्र्रेंंसग से बैठक की।

Most Popular