बिहार के खगड़िया जिले के चित्रगुप्तनगर थाना क्षेत्र के रजिस्ट्री कार्यालय के निकट बने बाल सुधार गृह से शुक्रवार देर रात पांच बाल बंदी भाग गए। भागने वालों में तीन बेगूसराय और दो खगड़िया जिले के बच्चे हैं। बाल सुधार गृह में ड्यूटी पर तैनात गार्ड को देर रात ही अन्य बाल बंदियों के हल्ला करने के बाद इसकी जानकारी मिली।
बाल सुधार गृह में 49 बाल बंदी रह रहे थे। शुक्रवार की लगभग डेढ़ बजे रात पहले तल्ले से खिड़की के रास्ते मये पांच बाल बंदी निकले और गार्ड की नजरों से बचकर भाग गए। घटना की सूचना पर सदर एसडीओ धर्मेन्द्र कुमार, एसडीपीओ सुमित कुमार व बाल संरक्षण पदाधिकारी प्रदीप कुमार वहां पहुंचे। वहां बाल सुधार गृह में ड्यूटी पर तैनात अन्य कर्मियों से भी पूछताछ कर आवश्यक जानकारी ली गई। अधिकारियों ने खगड़िया व बेगसूराय के पांचों बच्चों के परिजनों को भी इसकी सूचना दी है।
बच्चे के परिजनों को कहा गया कि अगर बच्चे घर आएं तो उन्हें पुलिस को सुपुर्द कर देंगे। इस संबंध में बाल संरक्षण पदाधिकारी प्रदीप कुमार ने चित्रगुप्तनगर थाना में आवेदन देकर बच्चों के भागने की सूचना दी है। पांचों बच्चों को शुक्रवार को ही बाल सुधार गृह में लाया गया था। इसमें से एक बच्चे को कुछ माह पूर्व मुफस्सिल पुलिस ने चोरी के आरोप में पकड़ा था। वहीं एक अन्य बच्चा को मोरकाही पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
चित्रगुप्तनगर थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि बरामदगी के लिए हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। इधर सदर एसडीओ धर्मेन्द्र कुमार ने पुष्टि करते हुए बताया कि बच्चों की तलाश की जा रही है।