होमबिहारBihar Live News - उत्तर बिहार में कई जगहों पर हल्की से...

Bihar Live News – उत्तर बिहार में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश के आसार, दक्षिणी हिस्से में भी बदलेगा मौसम का मिजाज

उत्तर बिहार में अगले 24 घंटे में भी कुछ जगहों पर भारी बारिश के आसार बने हैं। जबकि कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान में बताया गया है कि मानसून की ट्रफ रेखा उत्तर पश्चिम उत्तरप्रदेश से उत्तर पूर्व बंगाल की खाड़ी तक दक्षिण बिहार और उत्तरी झारखंड होकर गंगीय पश्चिम बंगाल से होकर गुजर रही है। 

साथ एक और ट्रफ रेखा झारखंड से ओडिशा होकर गुजर रही है। इसका प्रभाव बिहार के मौसम पर पड़ेगा। इससे दक्षिणी बिहार के साथ-साथ उत्तरी बिहार में मेघ गर्जन और आकाशीय बिजली की आशंका है। इसे लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। 

पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश मोतिहारी में 107 मिमी जबकि बगहा में 66 मिमी बारिश हुई। मंगलवार की देर रात पटना में भी बूंदाबांदी हुई और नौ मिमी बारिश हुई। उसके बाद उमस की स्थिति बुधवार को दिनभर बनी रही। आसमान में बादल आते-जाते रहे लेकिन झमाझम बारिश की स्थिति नहीं बनी है।

हालांकि अगले 24 घंटे में बारिश की स्थितियां अनुकूल हैं। गया में भी दिनभर उमस की स्थिति रही। तापमान 35 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। भागलपुर का अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस रहा। पटना का अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस रहा। पूर्णिया में अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पूर्णिया में 12.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Most Popular