बुधवार को सुबह से ही गर्मी पसीने छुड़ा रही है। तापमान 35 डिग्री पर है और उमस भी बढ़ गई है। मौसम विभाग ने दोपहर बाद गर्मी से राहत मिलने के संकेत दिए हैं। राज्य के कई स्थानों पर मेघ गर्जन के साथ बारिश की संभावना जताई जा रही है। इसके आठ से 11 जुलाई तक पूरे राज्य में जोरदार गरज के साथ बारिश का अनुमान है। हालांकि इससे पहले मंगलवार को भी दोपहर बाद मौसम बदलने के कयास लगाए गए थे। पर बादल छाने के बाद भी बारिश नहीं हुई थी। आज बारिश होने की पूरी संभावना है।
मौसम विभाग की मानें तो उत्तर प्रदेश से बंगाल की खाड़ी तक बादलों की श्रृंखला फैली है जिससे दक्षिण बिहार, उत्तरी झारखंड और पश्चिम बंगाल के गंगा के तटीय हिस्से तक बादलों की आवाजाही हो रही है। दूसरी ओर हिमालय की ओर से आनेवाले बादल भी झारखंड की ओर आकर ओडिशा और आंध्र प्रदेश की ओर बढ़ रहे हैं। इससे अगले कई दिनों तक मेघ गर्जन के साथ बारिश का अनुमान है।
धनबाद तीसरे नंबर पर काबिज, जामताड़ा से छिना नंबर एक का टैग
बारिश के मामले में धनबाद पूरे राज्य में तीसरे नंबर पर बना हुआ है। एक जून से सात जुलाई के दौरान सामान्य बारिश 282.2 एमएम की तुलना में अब तक 72 फीसद ज्यादा 484.5 एमएम बारिश हो चुकी है। धनबाद से सटा जामताड़ा जिला बारिश के मामले में जून से झारखंड के टाप जिलों में शामिल था। पिछले 24 घंटे के दौरान जामताड़ा से भी नंबर वन का तमगा छिन गया। अब जामताड़ा दूसरे नंबर पर और पहले पायदान पर लोहरदगा है। हालांकि दोनों के बीच सिर्फ एक एमएम का फासला है।