रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से 26 विमान के बदले आज से 38 विमान उड़ान भरेंगे। इसे लेकर विंटर शेडयूल जारी किया गया है। रविवार से नया शेडयूल लागू हो जाएगा। बारी-बारी विमानन कंपनियां फ्लाइट की संख्या में सुविधानुसार बढ़ोतरी करेंगी। नए शिड्यूल के मुताबिक रांची से देवघर के लिए भी एक विमान को उड़ान भरना है। हालांकि, इसे लेकर अभी तस्वीर स्पष्ट नहीं हुई है। लेकिन, देश के कई शहरों के लिए रांची से उड़ने वाले विमानों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है।
वर्तमान में रांची एयरपोर्ट से 26 विमान उड़ान भरते हैं। करीब 6500 यात्रियों का रोजाना आवागमन होता है। अब रांची एयरपोर्ट से रोज 12 शहरों के लिए 38 विमान उड़ान भरेंगे। इसमें बेंगलुरु, दिल्ली, भुवनेश्वर, लखनऊ, पटना, देवघर, मुंबई, पुणे, हैदराबाद, चेन्नई, अहमदाबाद और कोलकाता शामिल है। इसमें सबसे अधिक विमान दिल्ली के लिए है और सबसे कम देवघर, अहमदाबाद, हैदराबाद और चेन्नई के लिए है। एयरपोर्ट से सुबह 7.55 बजे से रात्रि 8.45 बजे तक यात्रियों को फ्लाइट की सुविधा मिलेगी। इससे अब एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या में बढ़ातरी दर्ज होगी।
छठ स्पेशल ट्रेनों में कई सीटें खाली
लंबे दिनों के बाद स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ कम दिखी। ट्रेन में भी सीट को लेकर मारामारी नहीं थी। कुछ सीटें खाली भी रह गई। छठ स्पेशल ट्रेन की कई सीटें खाली रह गई। स्लीपर और एसी दोनों ही बोगी में सीटें खाली रह गई। बिहार सहित अन्य राज्यों में जाने वाली ट्रेनों का भी यही हाल रहा। यही व्यवस्था खादगढ़ा बस स्टैंड में देखने को मिली। बसों में सीटें खाली देखने को मिली। यात्रियों शुक्रवार की तरह सीट के लिए जद्दोजहद करने की जरूरत नहीं पड़ी।