बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह के करियर का ग्राफ जितनी तेजी से ऊपर गया, उससे लगा कि यह एक्टर इंडस्ट्री का अगला सुपरस्टार बनने की तरफ बढ़ रहा है। हालांकि पिछले कुछ सालों में चीजें हैरतअंगेज ढंग से बदली हैं। साल 2018 में रणवी सिंह की शादी हुई थी और 2019 के बाद से उन्होंने एक भी सुपरहिट फिल्म नहीं दी है। साल 2019 में आई फिल्म ‘गली बॉय’ के बाद से ही रणवीर के नाम का सिक्का नहीं चल रहा है।
रणवीर सिंह की ‘सर्कस’ भी बुरी तरह पिटी
साल 2021 में आई फिल्म 83, साल 2022 में आई फिल्म जयेशभाई जोरदार और अब साल के अंत में रिलीज हुई ‘सर्कस’ भी बुरी तरह पिट गई है। तकरीबन 150 करोड़ की लागत से बनी इस फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर बहुत धीमी शुरुआत मिली है और पहले वीकेंड में यह 20 करोड़ का आंकड़ा भी पार नहीं कर सकी। लेकिन सवाल है कि आखिर रणवीर सिंह से गलती कहां हुई?
साउथ के यूनिक कॉन्टेंट ने किया बंटाधार!
दरअसल रणवीर सिंह साल 2018 तक बहुत डिफरेंट और यूनिक किस्म के किरदार और फिल्में चुन रहे थे। इंडस्ट्री के दिग्गज निर्मातों का तजुर्बा और रणवीर सिंह की मेहनत रंग ला रही थी। हालांकि इसके बाद रणवीर सिंह ने फिर एक बार हल्के किस्म के रोल करना शुरू कर दिया। इसी बीच देश में साउथ फिल्मों की कुछ ऐसी लहर चली कि रणवीर सिंह की 83 जैसी कमाल की फिल्म भी पिट गई।
सीरियस फिल्में छोड़ कॉमेडी पर कूदे रणवीर
इधर रणवीर सिंह कुछ खास अच्छी फिल्में नहीं चुन रहे थे और उधर साउथ इंडस्ट्री बैक टू बैक यूनिक कॉन्टेंट सर्व कर रही थी। रणवीर सिंह ने संजय लीला भंसाली जैसे मंझे हुए निर्देशक का हाथ थामकर जो ‘पद्मावत’ और ‘बाजीराव मस्तानी’ जैसी फिल्में दी थीं, उसके बाद फैंस भी उनसे क्वालिटी कॉन्टेंट की उम्मीद कर रहे थे। रणवीर ने ‘गली बॉय’ और ’83’ जैसी फिल्म देकर वो उम्मीद पूरी भी की, लेकिन फिर चीजें बिगड़ने लगीं।
‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ का इंतजार
सीरियस फिल्मों के जरिए चमके रणवीर सिंह फिर हंसी-मजाक और हल्के किरदारों पर लौटने लगे। अपकमिंग फिल्मों की बात करें तो रणवीर सिंह और आलिया भट्ट की फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ रिलीज होनी है। यह भी एक रोमांटिक कॉमेडी ड्रामा फिल्म है जिससे दर्शकों को काफी उम्मीदें हैं। हालांकि रणवीर इन उम्मीदों पर कितने खरे उतरेंगे, यह देखना होगा।