बिहार में बनने वाली नई सड़क परियोजनाओं के बारे में हम अक्सर जानकारियां देते रहते हैं। राज्य के अलग-अलग हिस्सों में कई सारे सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। इससे आने वाले कुछ वर्षों में बिहार के शहरों की कनेक्टिविटी काफी बेहतर हो जाएगी। इसी कड़ी में राज्य में अब दो और नेशनल हाईवे का निर्माण किया जाएगा। केंद्र सरकार ने दोनों नए प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी है। एनएच-122 बी और एनएच-527 ई के निर्माण से लाखों बिहार वासियों को इसका फायदा मिलेगा।
1000 करोड़ की आएगी लागत।
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने बिहार में और दो नए राष्ट्रीय राजमार्ग की योजनाओं को मंजूरी दे दी है। जानकारी के मुताबिक, केंद्र सरकार की ओर से जिन दो नए हाईवे परियोजनाओं को मंजूरी मिली है, वे हैं- NH-122 B और दूसरा NH-527 E। इन दोनों प्रोजेक्ट पर 1000 करोड़ रुपये का खर्च आने का अनुमान है। बिहार के पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने इस बाबत जानकारी दी है। जल्द ही इसकी टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
इन इलाकों में बनेंगी दोनों सड़कें।
नितिन नवीन ने बताया कि NH-122B नया नेशनल हाईवे होगा। यह वैशाली जिले के हाजीपुर में महात्मा गांधी सेतु के पास से होकर निकलेगा और पुराने NH-28 पर बछवाड़ा के समीप मिलेगा। यह नेशनल हाईवे टू लेन का होगा। पटना से बरौनी के बीच यह वैकल्पिक मार्ग होगा। इससे लोगों को आने जाने में काफी सुविधा होगी। NH-527E भी नया राष्ट्रीय राजमार्ग है। यह एनएच हजमा चौक, लहेरियासराय से समस्तीपुर जिला होते हुए रोसड़ा को आमस-दरभंगा पथ से जोड़ेगा। इसके निर्माण से दरभंगा से रोसड़ा जाना काफी आसान हो जाएगा। इन सड़कों के बनने के बाद उत्तर बिहार के अधिकांश जिलों में कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
Note: तस्वीर काल्पनिक है।