मौसम विभाग के अनुसार आज राजधानी में सामान्य रूप से बादल छाए रहेंगे। इसके साथ ही दिन में एक से दो बार गर्जन के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में मानसून की स्थिति कमजोर रही। इसके कारण राज्य में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश रिकार्ड की गई।
राज्य में सबसे ज्यादा बारिश पलामू के मनातु में 35.4 मिमी रिकार्ड की गई। वहीं अधिकतम तापमान जमशेदपुर में 35.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान रांची में 23.5डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
इन जिलों में आज भारी बारिश के हैं आसार
राज्य के मौसम पूर्वानुमान में बताया गया है कि सोमवार को राज्य के कुछ जिलों में भारी बारिश की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आंनद ने बताया कि राज्य में देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुर और साहेबगंज में भारी बारिश की संभावना है।
राज्य में बना है कम दबाव का चक्रवातीय क्षेत्र
इसके साथ ही राज्य के अन्य जिलों हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की जा सकती है। इस दौरान मेघ गर्जन के साथ वज्रपात की भी संभावना है। उन्होंने बताया कि राज्य में एक कम दबाव चक्रवातीय क्षेत्र में बन गया है। इसका असर राज्य में देखने के लिए मिलेगा। समुद्र तल से 3.1 किमी उपर बने इस कम दबाव के चक्रवातीय क्षेत्र के कारण भारी बारिश की संभावना बनी है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है।