मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि राज्य में खरीदा जानेवाला धान अब बाहर नहीं भेजा जाएगा। इसका यहां चावल बनेगा। इसके लिए सरकार 29 दिसंबर को राज्य में 14 राइस मिलों का नींव रखेगी। मुख्यमंत्री ने मेदिनीनगर पुलिस लाइन स्टेडियम में, आपके अधिकार-आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में यह घोषणा की। उन्होंने यह भी कहा कि इस वर्ष किसान को धान के पूरे पैसे का भुगतान कर दिया जायेगा। इसके लिए सरकार ने लोन लेकर राशि की व्यवस्था की है। सीएम ने मेदिनीनगर के लिए 150 करोड़ की पेयजलआपूर्ति योजना की सौगात का भी ऐलान किया और कहा कि इसे जल्द कैबिनेट में रखा जाएगा।
गांव का विकास नहीं तो राज्य का विकास नहीं
पलामू में प्रमंडलस्तरीय कार्यक्रम में सीएम ने कहा कि अधिकारियों को उन्होंने मोटरी बांधकर गांव जाने और जनता की समस्याओं के समाधान का आदेश दिया है। गांव का जब तक विकास नहीं होगा और लोगों की आय नहीं बढ़ेगी तबतक राज्य का विकास नहीं होगा। झारखंड की भौगोलिक बनावट दुर्गम है। गांव में पदाधिकारी जाते नहीं है तो योजना का लाभ ग्रामीणों को कैसे मिलेगा? आपके अधिकार-आपकी सरकार आपके द्वार, कार्यक्रम इसलिए शुरू किया गया है।
व्यावसायिक मॉडल बनेगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना काल में सरकार बैठी नहीं थी वरन, होमवर्क कर रही थी जिसे अब धरातल पर उतारने का काम शुरू कर दिया है। महिला स्वयं सहायता समूह कई उत्पाद बनाते हैं जिन्हें सरकार भी खरीदती है। उन्होंने उत्पाद खरीदने के लिए 1000 करोड़ का व्यावसायिक मॉडल बनाया जाएगा। देखें।
सौगातों की बारिश
सीएम ने पलामू पर सौगातों की बारिश की। उन्होंने कहा कि कैबिनेट की अगली बैठक में 150 करोड़ की मेदिनीनगर शहरी जलापूर्ति योजना को रखा जायेगा। सोन-कनहर सिंचाई प्रोजेक्ट शीघ्र चालू किया जायेगा। हेमंत ने कहा कि पलामू में 800 करोड़ के बड़े सिंचाई प्रोजेक्ट शीघ्र लाए जाएंगे। आने वाले दिनों में यहां 5000 करोड़ की सड़कें बनेंगी।
Note: तस्वीर काल्पनिक है।