रांची सहित राज्य के दूसरे जिलों में ठंड में थोड़ी कमी आई है। हालांकि 3 दिनों के बाद शीतलहर के दूसरे दौर की शुरुआत होगी। मौसम विभाग का मानना है कि 27 दिसंबर से बादल छाएंगे। इसके बाद 28, 29 और 30 दिसंबर तक राज्य के कई इलाकों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
बारिश होने से फिर से तापमान में दर्ज की जाएगी गिरावट
मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि झारखंड के उत्तर पश्चिमी और निकटवर्ती मध्य भाग में कहीं-कहीं पर हल्की वर्षा हो सकती है। दरअसल पश्चिमी विक्षोभ का असर एक बार फिर से राज्य पर पड़ेगा। बारिश होने से एक बार फिर से तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। जहां एक तरफ न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास आ सकता है वहीं अधिकतम तापमान में भी सामान्य से 5 से 6 डिग्री सेल्सियस नीचे आने की संभावना जताई गई है। ऐसे में रांची सहित राज्य के कई इलाकों में दोबारा शीतलहर चल सकती है।
आकाश बिल्कुल रहेगा साफ
अभिषेक आनंद ने बताया कि फिलहाल सुबह में कोहरा और धुंध छाया रहेगा। अगले 3 से 4 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। क्रिसमस को लेकर स्पेशल बुलेटिन जारी करते हुए उन्होंने कहा कि 25 दिसंबर को सुबह में कोहरा और धुंध रहेगा हालांकि इसके बाद आकाश बिल्कुल साफ रहेगा। इस दौरान न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच में रहेगा। वहीं अधिकतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है।
इन शहरों में ऐसा रहा तापमान (डिग्री सेल्सियस में)-
शहर – अधिकतम – न्यूनतम
रांची – 24.2 – 8.3
जमशेदपुर – 26.0 – 9.2
मेदिनीनगर – 27.2 – 7.3