झारखंड की राजधानी रांची सहित दूसरे इलाकों में अचानक ठंड बढ़ गई है। सुबह और शाम अब सिहराने वाली ठंड पड़ने लगी है। रविवार सुबह में कोहरा और धुंध छाया रहा। दिन में भी तेज धूप नहीं खिली। आंशिक रूप से बादल छाए रहे। शाम होते ही तापमान गिरा तो ठंड और बढ़ गई।
बाजार में लोग जैकेट, स्वेटर और टोपी में दिखे
अचानक ठंड बढ़ने से लोग घर और बाजार में जैकेट, स्वेटर और टोपी में पहने नजर आए। कई जगह लोग अलाव तापते भी दिखे। उधर, बाजार में भी साढ़े सात बजे के बाद चहल-पहल बहुत कम हो गई। दुकानदार दुकानें भी बंद आज जल्दी बंद करते दिखे।
झारखंड में सबसे ठंडा रहा डालटनगंज
मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि रविवार को रांची का न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वैसे पूरे झारखंड में सबसे ठंडा डालटनगंज जिला रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
बर्फबारी और बारिश से बढ़ी कनकनी
मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद के अनुसार, पहाड़ी इलाकों में लगातार बर्फबारी और बारिश से यह कनकनी बढ़ी है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ के कारण बर्फबारी हुई है। इन इलाकों में कई जगहों पर तापमान 0 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। पश्चिम से आ रही हवाएं उत्तर और पूर्व दिशा की ओर बह रही हैं। इन्ही हवाओं से उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड शुरू हो गई है। इसका असर झारखंड पर भी देखने को मिल रहा है।
तीन चार दिनों में और गिरेगा तापमान
मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि वर्ष 2000 से पहले पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होता था, लेकिन जलवायु परिवर्तन के कारण अब झारखंड में भी पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखने लगा है। अगले तीन से चार दिनों में तापमान में तीन से चार डिग्री की गिरावट आएगी। हालांकि तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे नहीं जाएगा।
सोमवार को सुबह में छाया रहेगा कोहरा
मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले 24 घंटे के दौरान रांची समेत आसपास के क्षेत्रों में सुबह में कोहरा और धुंध छाया रहेगा। वहीं, दिन में आसमान साफ रहेगा। लोग धूप का आनंद उठा सकते हैं। हालांकि शाम होते ही तापमान में गिरावट शुरू हो जाएगी। जैसे जैसे रात गुजरेगी तापमान में गिरावट आएगी।
अगले तीन दिन ऐसा रहेगा रांची का तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
तिथि अधिकतम न्यूनतम
13 दिसंबर 25 12
14 दिसंबर 24 12
15 दिसंबर 24 11
16 दिसंबर 24 11