पश्चिमी विक्षोभ का असर अब लगभग खत्म हो गया है। शुक्रवार से उत्तर और उत्तर पश्चिम से ठंडी हवाओं का जोर बढ़ेगा। इससे कड़ाके की ठंड पड़ेगी। मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन-चार दिनों में न्यूनतम तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जाएगी। हालांकि बादल छंटने से अधिकतम तापमान में वृद्धि होगी। धूप खिलने से लोगों को राहत मिलेगी।
अब घना कोहरा और धुंध छाने की संभावना : मौसम विज्ञानी
मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ से बना सिस्टम खत्म होने के बाद अब घना कोहरा और धुंध छाने की संभावना है। इस दौरान दृश्यता प्रभावित होगी। गुरुवार को रांची में पश्चिमी विक्षोभ का असर कम रहा। आंशिक रूप से बादल छाए। दोपहर में कुछ समय के लिए धूप खिली। हालांकि शाम चार बजे से ठंडी हवाएं चलने लगी। अधिकतम तापमान 19.7 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य से लगभग चार डिग्री नीचे रहा।
इन जिलों में ऐसा रहा तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
शहर – अधिकतम – न्यूनतम
रांची – 19.7 – 13.1
जमशेदपुर – 24.0 – 15.2
मेदिनीनगर – 17.7 – 13.9