राजधानी रांची समेत समूचे झारखंड में इस समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है। बर्फीली हवाओं ने सुबह और शाम घर से बाहर निकलना दूभर कर दिया है। सुबह चार बजे से लेकर आठ बजे तक घर में रहना ही उचित है। अगर बहुत जरूरी हो तभी बाहर निकलें। वह भी गर्म कपड़ों में। बच्चों को कतई बाहर नहीं निकलने दें।
अभी और पड़ने वाली है ठंड
मौसम विभाग की मानें तो झारखंड में ठंड ने पूरी तरह से दस्तक दे दी है। कनकनी बढ़ गई है। उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण ठंड बढ़ गई है। झारखंड की राजधानी रांची समेत अन्य जिलों का पारा लगातार गिरा रहा है। यह सिलसिला आने वाले दिनों में जारी रहेगा। यानी ठंड अभी और पड़ने वाली है।
आज या कल से तापमान और कम होगा
मौसम विभाग का अनुमान है कि 20 या 21 दिसंबर से तापमान और कम होगा। यही नहीं ठंड बढ़ते ही झारखंड के कई इलाकों में कोहरा और धुंध छाने की समस्या बढ़ जाएगी। इस दौरान बिना गर्म कपड़ों के घरों से निकलना खतरनाक हो सकता है। बच्चों को विशेष रूप से सावधानी बरतने की जरूरत है।
कई जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, हिमालय क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पूरे उत्तर और पूर्वी भारत में ठंड का प्रकोप बढ़ा है। तापमान में तीन डिग्री से ज्यादा की गिरावट आयी है। मौसम विभाग के अनुसार, कई जिलों में हल्की बारिश होने की भी संभावना है।
रांची समेत अन्य जिलों में 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंचा पारा
मौसम विभाग की मानें तो उत्तर दिशा से आ रही ठंडी हवाओं का झारखंड में प्रवेश होने से ठंड और ज्यादा बढ़ गई है। इसका असर राजधानी रांची समेत प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में देखने को मिल रहा है। रांची, रामगढ़, बोकारो, डालटनगंज, गोड्डा आदि जिलों में पारा काफी नीचे चला गया है।
चक्रवात जवाद का असर कुछ यूं रहा
मालूम हो कि शुरुआती ठंड में बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान ‘जवाद’ उठने के कारण झारखंड के ज्यादातर हिस्सों में ओवरकास्ट कंडीशन हो गया था। ऐसे में पारा ज्यादा नीचे नहीं गया था। लेकिन जैसे-जैसे आसमान से बादल हटा और मौसम साफ लगा तो ठंड का असर बढ़ गया।
अगले 24 घंटे में ऐसा रहेगा मौसम
राजधानी रांची समेत झारखंड में रविवार को सुबह में कोहरा और धुंध छाया रहेगा। वहीं, दिन में आसमान साफ रहेगा। लोग धूप का आनंद उठा सकते हैं। धूप भरपूर होगी। बादल छाने की संभावना नहीं है। हालांकि जैसे जैसे रात होगी, तापमान में लगातार गिरावट आने की संभावना है।