झारखंड के सभी हिस्सों में ठंड और कनकनी बढ़ गई है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक अभी और भी पारा लुढ़कने की आशंका जताई है। रविवार को कनकनी के कारण लोगों को खास परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह की शुरुआत ठंड और कोहरे से हुई। वहीं, दिन में धूप खिली रहने के कारण लोगों को थोड़ी राहत मिली। शाम में फिर कनकनी बढ़ गई। उत्तर भारत से आने वाली ठंडी हवा के कारण राज्य के लगभग सभी हिस्सों में कंपकंपी है।
गुरुवार तक न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री गिरावट आएगी
मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक राज्य में लोगों को ठंड से राहत नहीं मिलने की उम्मीद है। गुरुवार तक राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। सोमवार को राज्य में कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा, देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, पाकुड़, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी और रामगढ़ के तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की कमी आएगी। वहीं पूर्वी ङ्क्षसहभूम, पश्चिमी ङ्क्षसहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां में तीन से चार डिग्री तापमान में कमी आने की आशंका है। इस दौरान उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण कनकनी बढ़ेगी।
सबसे कम तापमान रांची के कांके का रहा
पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में सबसे कम तापमान रांची के कांके केवीके में 4.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मैकलुस्कीगंज का पारा भी इसी के आसपास रहा। दूसरी ओर सबसे ज्यादा तापमान गोड्डा और पाकुड़ केवीके में 27.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
रांची में आज सुबह छाया रहेगा कोहरा
मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार को रांची में सुबह कोहरा छाया रहेगा, जबकि दिन में हल्की धूप खिली रहेगी। हालांकि अधिकतम 10 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलने का कारण लोगों को कनकनी का एहसास होगा। सुबह और शाम लोगों को ठंड के कारण खास परेशानी का सामना करना पड़ेगा। दिन में अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास और न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। रांची में रात में आसमान साफ रहने की उम्मीद है। हालांकि ओस गिरेगी।