होमझारखंडझारखंड में रेडियो व दूरदर्शन पर होगा शैक्षणिक कार्यक्रम का प्रसारण, जानें...

झारखंड में रेडियो व दूरदर्शन पर होगा शैक्षणिक कार्यक्रम का प्रसारण, जानें इसका समय

सरकारी स्कूलों के बच्चों के लिए आकाशवाणी तथा दूरदर्शन पर शैक्षणिक सामग्री का प्रसारण 28 जून से शुरू होगा। इसके लिए तैयारी पूरी कर ली गई है। ‘हमारा रेडियो हमारा विद्यालय’ कार्यक्रम के तहत आकाशवाणी के राज्य के सभी पांच स्टेशनों रांची, जमशेदपुर, चाईबासा, डालटनगंज एवं हजारीबाग के अलावा भागलपुर से सुबह और शाम शैक्षणिक सामग्री का प्रसारण होगा। सुबह में नौ से दस बजे के बीच दस मिनट तथा शाम में साढ़े पांच से साढ़े छह बजे के बीच दस मिनट का यह प्रसारण होगा।

इसी तरह ‘हमारा दूरदर्शन तथा हमारा विद्यालय’ कार्यक्रम के तहत दूरदर्शन में सुबह दस बजे से दोपहर दो बजे तक शैक्षणिक सामग्री का प्रसारण कक्षावार होगा। इसके लिए 28 जून से दो जुलाई तक रूटीन भी जारी कर दिया गया है। बताते चलें कि कोरोना के कारण स्कूलों के बंद रहने के कारण सरकारी स्कूलों को ऑनलाइन शिक्षा वाट्सएप ग्रुप के अलावा डिजी साथ के माध्यम से दी जा रही है।

लेकिन इससे 12-13 लाख ही बच्चे जुड़ पाए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के बड़ी संख्या में बच्चे इस ऑनलाइन शिक्षा से वंचित हैं। कहा जा रहा है कि ऐसे में दूरदर्शन और आकाशवाणी में प्रसारित होनेवाली शैक्षणिक सामग्री का लाभ ऐसे बच्चों को मिल पाएगा। हालांकि इसमें शिक्षकों और अभिभावकों की भी बड़ी जिम्मेदारी होगी। शिक्षकों को निर्धारित समय पर दूरदर्शन देखने तथा आकाशवाणी में प्रसारित होनेवाली शैक्षणिक सामग्री के सुनने के लिए बच्चों को प्रोत्साहित करना होगा।

Most Popular