मौसम पूर्वानुमान में बताया गया है कि आज राजधानी रांची सहित रामगढ़, खूंटी, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, देवघर, धनबाद, गिरिडीह, धनबाद, दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुर और साहेबगंज में मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ भारी बारिश की संभावना है। इसके लिए मौसम विभाग ने आरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा राज्य के अन्य जिलों में भी वज्रपात के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। राजधानी रांची में भी दिन में बादल छाए रहेंगे। इसके साथ ही एक से दो बार हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश रिकार्ड की जा सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण पश्चिम बिहार के उपर के कम दबाव के क्षेत्र का केंद्र बना हुआ है। इसका टर्फ पश्चिमी राजस्थान से हरियाणा और उत्तर प्रदेश से होते हुए झारखंड और पश्चिम बंगाल में गंगा के मैदानी इलाकों में फैला हुआ है। इसके कारण राज्य में मानसून की बेहतरीन बारिश देखने को मिल रही है। अगले 24जून तक राज्य में ऐसी स्थिति बनी रहेगी। वहीं शुक्रवार को भी राज्य के विभिन्न हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश रिकार्ड की गयी। राजधानी रांची में इस दौरान 18 मिमी बारिश रिकार्ड की गयी।
वहीं पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे ज्यादा बारिश धनबाद के मैथन में रिकार्ड की गयी। यहां 24 घंटे में 178.2 मिमी बारिश रिकार्ड की गयी। मौसम विभाग के अनुसार एक जून से 18 जून तक राज्य में सबसे ज्यादा औसत बारिश धनबाद में दर्ज की गयी है। यहां इस अवधि में 98 मिमी बारिश होती है। जबकि इस वर्ष औसत से 200 प्रतिशत ज्यादा 294 मिमी बारिश रिकार्ड की गयी है। राज्य में सबसे ज्यादा अधिकमत तापमान पाकुर में 28.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान चाईबासा में 20.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
राज्य में सबसे ज्यादा बारिश वाले स्थान
स्थान बारिश(मिमी में)
मैथन 178.2
गिरिडीह 146
नंदडीह 109.4
हजारीबाग 98
जामताड़ा 95.8
फुसरो 78
मधुपुर 60.4
तेनुघाट 53.4
बोकारो 51
तिलैया 41.6
सिमडेगा 38.6
चंद्रापुर 28
जमशेदपुर 27.8