राजधानी के गंगा नदी के लहरों के बीच पर्यटकों की मौज मस्ती के लिए एक और ठिकाना शुरू होने जा रहा है। लोगों को गंगा नदी में के बीचों बीच फ्लोटिंग रेस्टुरेंट की सुविधा अक्टूबर से मिलना शुरू हो जाएगी। इसके लिए पर्यटन विभाग ने एजेंसी को चयन कर लिया है। वह एजेंसी बंद पड़े फ्लोटिंग क्रूज़ को मरम्मत करेगी। माना जा रहा है कि क्रूज को मरम्मत का काम शुरू हो गया है और अक्टूबर तक इसे पूरा कर लिया जाएगा।
बता दें कि जल पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से साल 2009 में एमवी गंगा विहार फ्लोटिंग रेस्टोरेंट की खरीदारी की गई थी। तकनीकी खराबी आने के बाद सुरक्षा के दृष्टिकोण से इसे साल 2017 से बंद कर दिया गया। इसकी तकनीकी खराबी को दूर करने के लिए कई बार निविदा निकाली गई।
हाल ही में शिपिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया और बिहार के पर्यटन विभाग के अधिकारियों के बीच बैठक में संभावनाओं पर विचार किया गया। इसी के बाद पर्यटन विकास निगम लिमिटेड ने एक बार फिर निविदा जारी की। निविदा के प्रकाशन के साथ ही देश के तटीय शहरों में इसका व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया गया था। निविदा में चार एजेंसियों ने भाग लिया। निगम ने नियमानुसार चार में से एक एजेंसी मेसर्स संध्या सम्राट कंस्ट्रक्शन एंड सर्विस प्राइवेट लिमिटेड का चयन किया। चयनित एजेंसी इस क्रूज की मरम्मत कर आगामी 15 वर्षों तक लीज पर इसका संचालन भी करेगी।