नितिन गडकरी ने आज मुंबई में देश की पहली डबल डेकर एसी इलेक्ट्रिक बस लॉन्च की है। ऐसी बसें लंदन में चलती हैं और काफी लोकप्रिय हैं। संभावना है कि सितंबर से यह बसें बेस्ट की तरफ से अपनी सेवाएं देने लगेंगी। आने वाले कुछ महीनों में इस तरह की 900 इलेक्ट्रिक बसें मायानगरी की सड़कों पर उतरेंगी, जिनमें से कुछ सिंगल डेकर इलेक्ट्रिक बसें भी होंगी।
पहली डबल डेकर एसी इलेक्ट्रिक बस लॉन्च
पहली डबल डेकर एसी इलेक्ट्रिक बस लॉन्च केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने भारत के पहले डबल डेकर एसी इलेक्ट्रिक बस को लॉन्च कर दिया है। यह बस बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (बेस्ट) के लिए अपनी सेवाएं देगी। यह कार्यक्रम दक्षिण मुंबई स्थित एनसीपीए में आयोजित किया था। हालांकि, दिलचस्प बात ये है कि नई डबल डेकर बस की लॉन्चिंग से पहले ही लाल रंग की इस बस की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया वायरल हो चुकी थीं। बेस्ट के अधिकारियों ने पहले बताया था कि गुरुवार को लॉन्चिंग के बाद इस बस को बेस्ट के हवाले कर दिया जाएगा।
50 फीसदी बसें अगले साल मार्च तक डिलवरी कर दिए जाने की संभावना
बेस्ट ने एक निजी कंपनी के साथ 900 इलेक्ट्रिक बसें सप्लाई करने का करार कर रखा है, जिसमें से 50 फीसदी बसें अगले साल मार्च तक डिलवरी कर दिए जाने की संभावना है। बाकी 50 फीसदी बसें उसके बाद बेस्ट में शामिल होंगी। हालांकि, इन इलेक्ट्रिक बसों में डबल डेकर के अलावा सिंगल फ्लोर बसें भी शामिल होंगी। ऐसी बसें मुख्य तौर पर मुंबई में ऐप-बेस्ड पब्लिक ट्रांसपोर्ट के तौर पर चलाई जाने वाली हैं, जिसके लिए बेस्ट ने मायानगरी के लिए एक योजना तैयार कर रखी है। बेस्ट की सेवाओं में फिलहाल करीब 3,700 बसें हैं और इसमें 900 बसें शामिल हो जाने के बाद यह संख्या 4,600 की हो जाएगी
लंदन जैसी शहरों में चलती हैं
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने जिस डबल डेकर इेक्ट्रिक बस की लॉन्चिंग की है, उसे बनाने वाली कंपनी का नाम अशोक लेलैंड है। जानकारी के मुताबिक ये बसें अपनी क्लास में सबसे हल्की हैं, क्षमता में सबसे ज्यादा और रेंज भी अधिक है। ये मेट्रोडेकर बसें अभी लंदन जैसी शहरों में चलती हैं, जहां ये काफी लोकप्रिय हैं।