करीना कपूर ने सैफ और बच्चों के साथ लंदन में क्रिसमस डे मनाया। अब वह ग्स्टाज (Gstaad) में नया साल का स्वागत करने पहुंची हैं। क्रिसमस डे पर हर साल कुणाल कपूर के घर लंच होता है। इसमें सारा कपूर खानदान इकट्ठा होता है। करिश्मा उनके बच्चे, नीतू, बबीता के अलावा आलिया और रणबीर भी साथ में पहुंचे थे। बाहर होने की वजह से करीना कपूर इस बार नहीं पहुंच पाईं। ये तो सब जानते हैं कि कपूर खानदान खाने-पीने का शौकीन है। करीना भी फूडी हैं। अब उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया है कि वो कौन सी डिश है जो पूरे परिवार को पसंद है।
खाना या ऐक्टिंग क्या है जरूरी?
कपूर खानदान के लोग के लंच और डिनर्स की तस्वीरें सोशल मीडिया पर अक्सर वायरल होती रहती हैं। कपिल शर्मा के शो पर करिश्मा और नीतू कपूर भी बता चुकी हैं कि सारा खानदान खा-पीकर मस्त रहता है। ब्रूट इंडिया को दिए एक इंटरव्यू में करीना ने भी परिवारवालों की ईटिंग हैबिट्स से जुड़े राज खोले। उनसे पूछा गया, खाना या ऐक्टिंग, कपूर परिवार के लिए क्या ज्यादा इम्पॉर्टेंट है। इस पर उन्होंने जवाब दिया, यह वाकई काफी कठिन सवाल है। क्योंकि दोनों ही चीजों के लिए प्यार हो दीवानगी कपूर परिवार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। खाना भी बड़ा डिसकशन का मुद्दा रहता है।
साथ में मचाते हैं हल्ला
करीना ने यह भी बताया कि जब खानदान के सारे लोग साथ होते हैं तो ऐसी कौन सी डिश है जिसे खाना पसंद करते हैं। करीना बताती हैं, पाया, यह एक ग्रेवी, करी जैसी होती है। हम लोगों को यह वाकई बहुत पसंद है। उनसे परिवार की गेदरिंग पर सवाल किया गया तो बोलीं, जब भी हम साथ होते हैं, मुझे लगता है कि हम लोग खूब हल्ला मचाते हैं। मुझे लगता है कि कभी-कभी तो हम बात भी नहीं कर रहे होते। अगर कोई हमें सुने तो लगेगा कि क्या ये लोग लड़ रहे हैं? क्योंकि यह उन बड़े इटैलियन परिवारों की तरह होता है कि सब चिल्ला रहे हैं। आपको समझ ही नहीं आएगा। आप क्या, क्या, क्या करते रहेंगे। हम लोगों को खूब मजा आ रहा होता है।