इसी घर में हुआ हादसा।
रंका थाना क्षेत्र के रेफरल अस्पताल के पास स्थित एक घर में दंपती ने खुद को आग लगा ली। इस घटना में पत्नी की मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से जख्मी है। घटना सोमवार की देर शाम की है। मंगलवार को घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने बताया कि पति-पत्नी के बीच मामूली बात पर झगड़ा हुआ था, जिसके बाद यह घटनाक्रम हुआ।0
मृतका की पहचान संतोष राम की पत्नी खुशबू देवी (25) के रूप में की गई। संतोष रेफरल अस्पताल के पास चाय-नाश्ते की दुकान चलाता था। खुशबू भी इस काम में उसका हाथ बंटाती थी। दोनों के तीन छोटे-छोटे बच्चे भी है। संतोष शराब पीने का आदि था। इसे लेकर अक्सर दंपती के बीच विवाद हुआ करता था। सोमवार की शाम साढ़े सात बजे दुकान बंद कर पति-पत्नी दोनों घर चले गए। उनका घर, दुकान के पीछे ही था।
सोमवार रात करीब 8 बजे उनके घर से धुआं उठता दिखा। चिल्लाने की आवाज आने पर लोग अंदर गए तो देखा कि पति-पत्नी दोनों ही जल रहे थे। लोगों ने किसी तरह आग बुझाई और उन्हें रेफरल अस्पताल ले गए। वहां से दंपती को डॉक्टर ने रिम्स रेफर कर दिया। मंगलवार की दोपहर खुशबू ने दम तोड़ दिया, जबकि संतोष की स्थिति चिंताजनक बनी हुई। घटना के वक्त तीनों बच्चे घर पर ही थे और डरे-सहमे पूरे दृश्य को देख रहे थे।