होमझारखंडJharkhand Live News - झारखंड में रिटायर हो रहे डॉक्टरों को मिलेगा...

Jharkhand Live News – झारखंड में रिटायर हो रहे डॉक्टरों को मिलेगा सेवा विस्तार, सीएम सोरेन का फैसला, कैबिनेट में आएगा प्रस्ताव

झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार ने रिटायर हो रहे डॉक्टरों को छह महीने तक सेवा विस्तार देने का फैसला किया है। झारखंड स्वास्थ्य सेवा के मई 2021 से मार्च 2022 तक सेवानिवृत होने वाले चिकित्सकों का सेवा विस्तार करने का फैसला किया है। मार्च 2022 या सेवानिवृति की तिथि से छह माह की अवधि, जो भी बाद में हो तब तक के लिए सेवा विस्तार किया गया है। 

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड स्वास्थ्य सेवा के शैक्षणिक और गैर  शैक्षणिक संवर्ग के सेवानिवृत होने वाले चिकित्सकों को सेवा विस्तार देने के प्रस्ताव को स्वीकृति दे दिया है। अब इसकी मंजूरी मंत्रिपरिषद से ली जाएगी। सीएम हेमंत सोरेन के अनुसार कोरोना महामारी से प्रभावी तरीके से निपटने की दिशा में चिकित्सकों को सेवा विस्तार देने का फैसला किया गया है।

सीएम के अनुसार कोविड -19 महामारी से उत्पन्न परिस्थितियों से निपटने और समुचित चिकित्सा व्यवस्था राज्य के निवासियों को उपलब्ध कराना  सरकार की प्राथमिकता है। राज्य में चिकित्सकों की कमी है। गैर शैक्षणिक संवर्ग में स्वीकृत 2316 पदों की तुलना में 1597 और शैक्षणिक संवर्ग में स्वीकृत 591 की जगह 285 चिकित्सक कार्यरत हैं। 

अगले एक वर्ष में गैर शैक्षणिक संवर्ग के 44 और शैक्षणिक संवर्ग के 15 चिकित्सक सेवानिवृत हो जाएंगे। ऐसे में कोरोना से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए राज्य सरकार ने पदस्थापित वैसे चिकित्सक जो मई 2021 से मार्च 2022 के बीच सेवानिवृत हो रहे हैं, उनकी सेवा लोक और राज्य हित में विस्तारित करने का निर्णय लिया गया है।

Most Popular