झारखंड के बोकारो से एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है। वहां एक पत्नी ने डांस करने से रोकने पर पति पर रॉड से वार कर दिया। बुरी तरह से घायल पति को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार बोकारो के सेक्टर छह थाना क्षेत्र के बगीचा टोला पत्थर खदान के पास बसंत पंचमी के दिन सरस्वती पूजा के बाद मूर्ति विसर्जन के दौरान कृष्णा बागती की पत्नी आरती (उम्र 35 वर्ष) डीजे पर डांस करना चाहती थी। कृष्णा ने ऐसा करने से मना कर दिया तो वह नाराज हो गई। इसी गुस्से में उसने रॉड से पति पर हमला कर दिया। घायल पति को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। शनिवार देर रात उनकी मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को आरोपी महिला आरती देवी को गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि कृष्णा बागती पत्थर की खदान में काम करता था। उस पर हमला करने वाली पत्नी लोगों के घरों में काम करती थी। कृष्णा और आरती की दो बेटियां और एक बेटा है। पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। मामले की जांच की जा रही है।