होमझारखंडJharkhand Live News - गुमला और पश्चिमी सिंहभूम में नक्सलियों से मुठभेड़,...

Jharkhand Live News – गुमला और पश्चिमी सिंहभूम में नक्सलियों से मुठभेड़, एक माओवादी ढेर, कई घायल

गुमला जिले के कुरूमगढ़ थाना क्षेत्र के मड़वा गांव में सोमवार को सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इसमें एक माओवादी मार गया। पुलिस उसकी शिनाख्त का प्रयास कर रही है। उसके पास से एक बंदूक, भारी मात्रा में कारतूस और पीट्ठू बरामद किया गया है। पुलिस ने मुठभेड़ में तीन-चार माओवादियों के घायल होने का दावा किया है। बताया जाता है कि यह मुठभेड़ बुद्धेश्वर के दस्ते के साथ हुई। 

सुबह साढ़े आठ बजे सीआरपीएफ, कोबरा, जगुआर और जिला पुलिस के जवान माओवादियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन में निकले थे। करीब नौ बजे सुरक्षाबलों का आमना-सामना माओवादियों से हुआ। इसके बाद दोनों ओर से फायरिंग शुरू हो गई। मुठभेड़ में पुलिस को भारी पड़ता देख माओवादी भाग निकले। माओवादी के शव का पंचनामा  कराने के बाद शव को जिला मुख्यालय लाया जाएगा। 

एसपी हृदीप पी जनार्दनन ने कहा कि सर्च ऑपरेशन के दौरान मुठभेड़ हुई जिसमें एक माओवादी मारा गया है। तीन-चार माओवादी घायल हुए हैं। अन्य को भी घेरने का प्रयास किया जा रहा है। 
 पश्चिमी सिंहभूम में बाइकें और कारतूस छोड़कर भागे नक्सली
चक्रधरपुर(जमशेदपुर)। पश्चिमी सिंहभूम जिले के बंदगांव के जलमय क्षेत्र में रविवार देर रात पीएलएफआई उग्रवादियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के बाद जंगल का फायदा उठाते हुए फरार हो गये। सर्च अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने उग्रवादियों की दो बाइक और कारतूस बरामद किया है।

एएसपी सह पोड़ाहाट एसडीपीओ नाथू सिंह मीणा ने कहा कि खूंटी पुलिस को गुप्त सूत्रों से सूचना मिली थी कि जलमय, चतमा एवं आस पास के जंगल के पहाड़ी क्षेत्र में प्रतिबंधित संगठन पीएलएफआई का दस्ता मौजूद है। इसके बाद पश्चिमी सिंहभूम के एसपी ने खूंटी पुलिस के साथ मिल कर संयुक्त टीम का गठन किया। टीम जलमय के जंगल में आगे सर्च अभियान करने के लिए आगे बढ़ रही थी कि उग्रवादियों ने पहाड़ी की ओर से फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षाबलों ने भी उसका जवाब दिया। दोनों ओर से कई राउंड गोलियां चलीं, पर उग्रवादी फरार हो गये। टीम सर्च अभियान से सोमवार देर शाम वापस लौटी। 

एसडीपीओ के मुताबिक, सर्च अभियान में बरामद का  एके 47 के नौ और इंसास के तीन फायर खोखा बरामद हुआ है। सर्च अभियान में बंदगांव थाना प्रभारी सुबोध सिंह, मुरहू थाना प्रभारी बिक्रांत कुमार, सतीश कुमार, निर्भय कुमार, बिट्टू रजक, फिलीप कुजूर सहित सैट आठ के सशस्त्र बल एवं मुरहू थाने के पुलिस जवान शामिल थे।  

Most Popular