होमबिहारBihar Live News - समस्तीपुर में पत्नी का गला दबाने के बाद...

Bihar Live News – समस्तीपुर में पत्नी का गला दबाने के बाद फंदे से झूला पति, बंद कमरे में मिली नव दंपती की लाश

समस्तीपुर जिले के पटोरी थाना क्षेत्र के विशनपुर बांदे गांव में एक कमरे में नव दंपती की लाश मिलने के बाद सनसनी फैल गयी। पत्नी की लाश पलंग पर थी जबकि पति समीप में ही फंदे पर लटका हुआ था। दोनों की करीब सवा महीने पूर्व ही शादी हुई थी। घर के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों का शव पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर भेजा।

दोनों लाश की स्थिति देखने के बाद यह आशंका जतायी जा रही है कि पत्नी की गला दबा हत्या करने के बाद पति भी फंदे से झूल गया। उसकी पहचान पटोरी थाना क्षेत्र के विशनपुर बांदे ग्राम निवासी रामजी सिंह के पुत्र संजय कुमार सिंह (24) व उनकी पत्नी ममता कुमारी (20) के रूप में की गई है। थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार रात इस घटना की जानकारी संजय के पिता जयलाल सिंह ने पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मुकेश कुमार, दारोगा अवधेश कुमार सिंह, एएसआई लालकृष्ण यादव, पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे तथा पति-पत्नी का शव लेकर थाना लौट आए। थानाध्यक्ष ने बताया कि घर के एक कमरे में पलंग पर ममता का शव पड़ा था। उसके मुंह व नाक से खून निकल रहा था एवं उसके गले पर गहरा काला दाग नजर आ रहा था। उसकी जीभ बाहर निकली हुई थी, जबकि संजय का शव उसी खपरैल घर में प्लास्टिक की रस्सी से लटका हुआ था।

परिजनों ने बताया कि संजय उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में भवन निर्माण की सेंटरिंग का काम करता था। इसी वर्ष 26 मई को उसकी शादी वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के गोविंदपुर चकौसन गांव निवासी नागदेव सिंह की पुत्री ममता से हुई थी। शादी के बाद से संजय घर पर ही रह रहा था। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार शुक्रवार शाम से ही ममता के मोबाइल पर आए किसी कॉल के बाद दोनों में विवाद चल रहा था। अनुमान लगाया जा रहा है कि उस विवाद की परिणति इस घटना के रूप में हुई। घटना की सूचना मिलने के बाद ममता के मायके वाले भी पटोरी पहुंचे। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की तहकीकात शुरू कर दी है।

Most Popular