समस्तीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र के बछौली गांव से गुजरने वाली बूढ़ी गंडक नदी की तेज धारा में एक नाव पलट गई। इसमें दस लोग नदी में गिर गये। इनमें से तीन लोगों की डूब कर मौत हो गई। वहीं दो को लोगों ने बचा लिया लिया। बचाये गये लोगों की हालत गंभीर होने के कारण बेहतर इलाज के लिए समस्तीपुर भेजा गया।
नाव हादसे की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक महकमे में भी हलचल मच गयी। प्रशासनिक अधिकारी व बचाव दल नदी के किराने पहुंचा। हादसे की जानकारी मिलते ही बछौली गांव में कोहराम मच गया। देखते ही देखते नदी किनारे लोगों की भीड़ जुट गयी। मृतकों की बछौली गांव के रामाधार राय के पुत्र चंद्रबिंद राय (30), संजय महतो के पुत्र अमन कुमार (15), अनिल महतो के पुत्र रोहित कुमार (16) के रूप में पहचान की गयी है। वहीं जिन लोगों को स्थानीय लोगों ने नदी से जिंदा निकाला उनमें बछौली गांव के ही रामजतन राम (50) एवं सोमन महतो (35) शामिल हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, बछौली गांव के ही 65 वर्षीय रामप्रवेश राय का निधन हो गया था। गांव के लोग उनका दाह संस्कार करने के लिए नदी के उस पार गये थे। बताया गया है कि दाह संस्कार के बाद कुछ लोग एक नाव से लौट रहे थे। वहीं नाव नदी में असंतुलित होने से उलट गयी। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि नाव पर कितने लोग सवार थे।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ रंजन कुमार दिवाकर, खानपुर थाना अध्यक्ष दिल कुमार भारती, बीडीओ गौरी कुमारी, एएसआई उमेश यादव, अनिल सिंह आदि पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच स्थिति का जायजा लिया। उसके लाश को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
सीओ रंजन कुमार दिवाकर ने बताया कि फिलहाल लापता लोगों के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल रही है। सही जानकारी मिलने के बाद उनकी खोज के लिए एनडीआरएफ की टीम बुलायी जाएगी। उन्होंने बताया कि एक ग्रामीण मृतक के दाह संस्कार के लिए कुछ लोग नाव से और कुछ लोग पैदल ही गये थे। अफरातफरी के कारण नाव पर सवार लोगों की संख्या के बारे में सही जानकारी नहीं मिल पा रही है। दूसरी ओर ग्रामीणों ने प्रशासन से एनडीआरएफ की टीम बुलाने तथा मृतकों के परिजनों को सरकारी सहायता देने की मांग की है।