मधुबनी हत्याकांड को लेकर सियासत जारी है। कांग्रेस का कहना है कि पार्टी पीड़ितों को इंसाफ दिलाने के लिए ‘जनाक्रोश रैली’ निकालेगी। इसकी जानकारी कांग्रेस नेता अवधेश सिंह ने दी है। कांग्रेस नेताओं ने इस घटना का नरसंहार बताया है। उन्होंने कहा कि यदि मधुबनी हत्याकांड के पीड़ितों को इंसाफ नहीं मिला तो वे जनाक्रोश रैली निकालेंगे।
मधुबनी हत्याकांड के मुख्य अपराधी की गिरफ्तारी के बाद भी ये मामला ठंडा होता नहीं दिख रहा है। घटनास्थल का दौरा करके कांग्रेस ने नीतीश कुमार सरकार को दोषी ठहराया है। पूर्व मंत्री अवधेश सिंह ने कहा कि प्रवीण झा खूंखार व्यक्ति नहीं है। उसे भड़काया गया है। कुछ लोग निजी हित के लिए उसे भड़का रहे हैं। यदि सरकार नहीं चेती तो अंजाम भयावह हो सकते हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा कि सीएम घटना को नरसंहार मानने को तैयार नहीं हैं, लेकिन घटनाक्रम को देखने से साफ पता चलता है कि ये नरसंहार है। उन्होंने पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाएं हैं। उनका कहना है कि पुलिस को घटनास्थल पर पहुंचने में चार घंटे कैसे लग गए जबकि थाना केवल तीन किलोमीटर की दूरी पर है। अवधेश सिंह ने कहा कि पुलिस इस घटना को रोक सकती थी।