होमबिहारBihar Live News - मदन सहनी के गिले-शिकवे हुए दूर, बने रहेंगे...

Bihar Live News – मदन सहनी के गिले-शिकवे हुए दूर, बने रहेंगे मंत्री, सीएम नीतीश से मिलने के बाद कहा-अब इस्तीफे की जरूरत नहीं

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी के तमाम गिले-शिकवे दूर हो गए हैं और उन्होंने मंत्री पद से इस्तीफा देने का अपना इरादा त्याग दिया है। उन्होंने हिन्दुस्तान से बातचीत में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार में आस्था जताते हुए कहा कि उनके इस्तीफे की अब कोई जरूरत नहीं है। 

समाज कल्याण मंत्री सहनी मंगलवार को दो दिनों के प्रवास के बाद दिल्ली से लौटे और शाम 6 बजे मुख्यमंत्री से मिलने एक अणे मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास गए। करीब ढाई घंटे वहां रहने के बाद रात 8.50 मिनट पर उन्होंने ‘हिन्दुस्तान’ को बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने उनकी समस्या गंभीरता से सुनी तथा उसका निराकरण कर दिया। विभाग की समस्या का भी समाधान हो गया है। इसलिए उनको इस्तीफा देने की आवश्यकता नहीं है। 

सहनी 30 जून को समाज कल्याण विभाग में हुए तबादलों से नाराज चल रहे थे। 1 जुलाई को उन्होंने अपनी नाराजगी मीडिया के समक्ष सार्वजनिक की थी तथा अफसरशाही हावी होने का आरोप लगाया था। हालांकि सहनी यह बात लगातार कहते रहे हैं कि उन्हें अपने नेता और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से कोई नाराजगी नहीं है। उन्होंने कहा था कि चाहे मंत्री न रहें, या विधायक भी न रहें, तब भी हमारे नेता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही रहेंगे। 

Most Popular