उत्तरी बिहार से होकर टर्फ लाइन गुजर रहा है। इससे उत्तर बिहार से लेकर पश्चिम बिहार में मानसून की मेहरबानी बरस रही है। वहीं बंगाल की खाड़ी से होकर गुजर रहा मानसून बिहार के दक्षिण हिस्से से गुजर रहा है। इससे दक्षिण बिहार के कुछ जिले में बारिश हो रही है। लेकिन बीच के जिले विशेषकर भागलपुर से मानसून रूठ गया है।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. बीरेंद्र कुमार ने बताया कि अभी फिलहाल अच्छी बारिश के आसार भागलपुर जिले में कम से कम 11 जुलाई तक नहीं हैं। इस दौरान कहीं-कहीं हल्की बारिश या फिर बूंदाबादी हो सकती है। लेकिन इससे न तो गर्मी से राहत मिलेगी और न ही उमस कम होगी।
मानसून के रूठने के कारण भागलपुर में गर्मी बरस रही है। आलम यह कि करीब बीते एक माह में इतनी गर्मी कभी नहीं पड़ी, जितनी की मंगलवार को पड़ी। सात जून को जिले में अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके बाद कभी भी दिन का पारा 36.7 डिग्री सेल्सियस से अधिक नहीं गया। लेकिन मंगलवार को दिन का पारा 37.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। जबकि न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस।
बीते 24 घंटे के मौसम की बात करें तो इस दौरान दिन का तापमान जहां 2.7 डिग्री सेल्सियस उछल गया। रात के तापमान में 0.8 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गयी। सुबह साढ़े आठ बजे 88 प्रतिशत रही आर्द्रता शाम साढ़े पांच बजे तक और कम होकर 73 प्रतिशत पर आ गयी। जबकि दिन भर 6.8 किमी प्रति घंटे की औसत रफ्तार से उत्तर-पूर्वी हवा बही।