होमबिहारBihar Live News - केवल 10 हजार रुपए के लिए तोड़ दी...

Bihar Live News – केवल 10 हजार रुपए के लिए तोड़ दी शादी, विरोध करने पर वर-वधू पक्ष के बीच जमकर चले लाठी-डंडे

नवादा जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां केवल 10 हजार रुपए की वजह से दहेज के लालचियों ने शादी तोड़ दी। शादी टूटने से निराश होने पर वर और वधू पक्ष के लोगों के बीच जमकर मारपीट हुई। इसमें दो महिला सहित दो लोग बुरी तरह से घायल हो गए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, मामला रजौली थाना क्षेत्र के हरैयाकोला गांव का है। घायल सत्येंद्र मांझी ने बताया कि साल 2020 में उन्होंने अपनी भगिनी की शादी हरैयाकोला गांव निवासी अर्जुन मांझी के बेटे प्रमोद मांझी से 70 हजार रुपए में तय की थी। शादी तय होने पर लड़के वालों को 60 हजार रुपए दे दिए गए थे। हालांकि उस समय किसी वजह से शादी नहीं हो सकी।

अब जब शादी की बात आगे बढ़ी तो लड़का पक्ष के लोग टालमटोल करने लगे। साथ ही वे बकाया पैसे मांगने लगे। मांझी ने बताया कि लड़के के पिता रोजाना लड़की की मां पर पैसों के लिए दबाव बना रहे थे। लड़की की मां हर बार हाथ जोड़कर 10 हजार रुपए छोड़ने की गुजारिश कर रही थी। लेकिन लड़के के पिता जिद पर अड़े रहे। 

दूसरी ओर लड़का पक्ष ने अपने बेटे की शादी कहीं और तय कर दी। इसके बाद लड़की की मां अपने भाइयों के साथ लड़के के घर पहुंची और दूसरी जगह शादी तय करने का विरोध करने लगी। बात बढ़ते-बढ़ते मारपीट तक पहुंच गई। लड़के पक्ष के लोगों ने वधू पक्ष के लोगों की लाठी-डंडों से जमकर पिटाई की।

वहीं विवाद और मारपीट को देखकर आसपास के लोग वहां पहुंचे और दोनों के इस विवाद को सुलझाया। इसके बाद तीनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। रजौली थाने को घटना की सूचना दी गई है।

Most Popular