केन्द्रीय मंत्रिमंडल का विस्तार बुधवार को होने जा रहा है। जदयू कोटे से कितने मंत्री होंगे यह अभी तय नहीं है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने का क्या फॉर्मूला है, इस बारे में मुझे जानकारी नहीं है। यह सब अधिकार आरसीपी सिंह को ही दिया हुआ है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल विस्तार में जदयू की हिस्सेदारी पर बात करने के लिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह अधिकृत हैं। इस मामले पर वही बात कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जो भी चाहेंगे, उस हिसाब से होगा।
गौर हो कि मंगलवार की सुबह जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह दिल्ली रवाना हो गए। उनकी अचानक दिल्ली रवानगी के बाद जदयू की केन्द्रीय मंत्रिमंडल में हिस्सेदारी और नामों को लेकर अटकलों का दौर जारी रहा। जदयू कोटे से संभावित नामों में खुद आरसीपी सिंह भी शामिल हैं। इसके अलावा ललन सिंह, रामनाथ ठाकुर, संतोष कुशवाहा और चंदेश्वर प्रसाद चन्द्रवंशी के नामों पर भी अटकलें लग रही हैं।
इस बीच मंगलवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर पटना लौटने के बाद पत्रकारों के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली बार जो हुआ सो हुआ। उस समय हम अध्यक्ष थे। वो बात खत्म हो गई है। कई महीने पहले हमने पार्टी के अध्यक्ष की जिम्मेदारी आरसीपी सिंह को सौंप दी है। उन्हीं को कहा है कि सारा काम करिए और देखिए। जदयू से कितने मंत्री बनेंगे के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आरसीपी सिंह से ही पूछ लीजिए। एक दूसरे सवाल पर उन्होंने आगे कहा कि जदयू शामिल नहीं होगा, ऐसा मुझे नहीं लगता। इस तरह की कोई बात हमें नहीं बताया गया है। पत्रकारों ने पूछा कि मंत्रिमंडल का विस्तार कब होगा, उस कार्यक्रम में आप जाएंगे? इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कब होने वाला है, इसकी जानकारी मुझे नहीं है।
सुशील मोदी और पशुपति पारस के भी नाम
बिहार से मंत्रिमंडल में शामिल होने वालों में पूर्व उपमुख्यमंत्री व भाजपा सांसद सुशील कुमार मोदी का नाम प्रमुखता से लिया जा रहा है। लोजपा कोटे से हाजीपुर के सांसद व स्व. रामविलास पासवान के अनुज पशुपति कुमार पारस भी मंत्री बनाए जा सकते हैं। इसके अलावा जिन नामों को लेकर अटकलें चल रही हैं उनमें प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय जायसवाल का नाम भी शामिल है।
सबकुछ तय हो गया है : आरसीपी
उधर दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत में आरसीपी सिंह ने मंत्रिमंडल विस्तार में जदयू के शामिल होने पर कहा कि इसमें कोई शक है क्या? सबकुछ तय हो गया है। हमारे नेता नीतीश कुमार ने जो कहा है वह सत्य है। फार्मूले के बाबत पूछे जाने पर कहा कि यह कोई केमेस्ट्री नहीं है जहां फार्मूला होता है। जब आप सरकार में सम्मिलित होते हैं तो एक सद्भावना होती है, एक समझ होती है। वह हमलोगों में काफी अच्छी है।