बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बाद भी बिहार में आने वाले पर्यटकों की दिलचस्पी कम नहीं हो रही है। विदेशी पर्यटकों को भी बिहार खूब भा रहा है। मौज-मस्ती के लिए गोवा से अधिक विदेशी पर्यटक बिहार आ रहे हैं। केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय की रिपोर्ट से यह जानकारी मिली है।
रिपोर्ट के अनुसार विदेशी पर्यटकों को भाने वाले राज्यों में बिहार देश के शीर्ष 10 राज्यों में शामिल हो गया है। सबसे अधिक विदेशी पर्यटकों में महाराष्ट्र में कुल 17.6 फीसदी है। इसके बाद तामिलनाडु में 17.1 फीसदी। तीसरे स्थान पर उत्तरप्रदेश में 12.4 फीसदी विदेशी पर्यटक आ रहे हैं। वहीं बिहार में विदेशी पर्यटकों के आने का अनुपात 4.3 फीसदी है। शीर्ष 10 राज्यों की सूची में बिहार नौवें स्थान पर है। गोवा में आने वाले विदेशी पर्यटकों की संख्या मात्र 4.2 फीसदी है और यह 10वें स्थान पर है।
विदेशी पर्यटकों का अनुपात देश के इन 10 राज्यों में 87.6 फीसदी है। बाकी 12.4 फीसदी विदेशी पर्यटक देश के बाकी के राज्यों में जाते हैं। हालांकि कोरोना काल के पहले विदेशी पर्यटकों के भारत घूमने की संख्या में लगातार इजाफा हो रही थी। 2019 में रिकॉर्ड 3 करोड़ से भी ज्यादा विदेशी पर्यटक भारत आए थे। वर्ष 2020 में यह संख्या घटकर मात्र 71 लाख रह गई। लेकिन अब कोरोना का प्रभाव धीरे-धीरे समाप्त हो रहा है, ऐसे में अनुमान है की, फिर से विदेशी पर्यटक भारत आना शुरू करेंगे। भारत आने वाले इन विदेशी पर्यटकों में सबसे अधिक संयुक्त अरब अमीरात के लोग हैं।
यहां के 34 फीसदी लोगों ने देश का भ्रमण किया। इसके बाद अमेरिका, सऊदी अरब, कतर, सिंगापुर, ओमान, ब्रिटेन, थाईलैंड, कनाडा व कुवैत के लोगों ने देश का भ्रमण किया। बिहार आने वाले विदेशी पर्यटकों के लिए सबसे मुफीद जगह बोधगया, राजगीर एवं वैशाली है।
वहीं देसी पर्यटकों को सबसे अधिक तामिलनाडु पसंद आ रहा है। पर्यटकों में 23 फीसदी लोगों ने तामिलनाडु की सैर की। इसके बाद यूपी में 14.1 फीसदी, कर्नाटक में 12.7 फीसदी, आंध्रप्रदेश में 11.6 फीसदी, तेलांगना में 6.6 फीसदी, पश्चिम बंगाल में 4.7 फीसदी, मध्यप्रदेश में 3.9 फीसदी, गुजरात में 3.2 फीसदी तो दसवें पायदान पर पंजाब है जहां 2.7 फीसदी देसी पर्यटक आए।
हालांकि कोरोना का असर देसी पर्यटकों पर भी हुआ। 2019 में दो अरब 32 करोड़ से अधिक देसी पर्यटकों ने देश के विभिन्न राज्यों में भ्रमण की थी, जबकि 2020 में घटकर यह आकड़ा मात्र 61 करोड़ रह गया।हालांकि राज्य सरकार द्वारा पर्यटकों की सुविधा को लेकर काफी काम किए गए हैं। आने वाले समय में पर्यटन स्थलों को और विकसित करने की योजना है। तथा शीघ्र ही उन योजनाओं पर भी काम शुरू किया जाएगा।