होमझारखंडसुबह से झारखण्ड के कई जिलों में हो रही है बारिश, देखिये...

सुबह से झारखण्ड के कई जिलों में हो रही है बारिश, देखिये कब तक रहेगा ऐसा मौसम

राजधानी रांची में सुबह से विभिन्न इलाकों में हल्की बारिश हो रही है। इसके साथ ही 15 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चल रही है। आर्द्रता का स्तर 95 प्रतिशत तक है। जबकि सुबह सात बजे शहर का तापमान 22 डिग्री सेल्सियस है। इससे लोगों को हल्की ठंड का अहसास हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार चक्रवाती तूफान गुलाब के कारण बने कम दबाव का असर आज पूरे राज्य में देखने को मिलेगा। आज पलामू, चतरा, लोहरदगा, लातेहार, समेत पश्चिमी जिलों में भारी बारिश की संभावना है। इसके साथ ही अधिकतम 50 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी चल सकती है।

राज्य में बुधवार को भी गुलाब का असर दिखा। इसके कारण राजधानी रांची समेत राज्य के अन्य हिस्सों में अच्छी बारिश हुई। रांची में सुबह से काले और घने बादल छाए रहे और दिन भर रुक-रुककर बारिश होती रही। शाम 5.30 बजे तक रांची में सात मिमी बारिश रिकार्ड की गई। वहीं जमशेदपुर में नौ मिमी बारिश रिकार्ड की गई। मौसम विज्ञानी अभिषेक आंनद के अनुसार राज्य के विभिन्न हिस्सों में चक्रवात के कारण राज्य में 30-40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चली। राज्य में तीन अक्टूबर तक मौसम की ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी।

रांची के मौसम पूर्वानुमान में बताया गया है कि दिन भर सामान्य रूप से बादल छाए रहेंगे। इसके साथ ही दिन में कई बार बारिश हो सकती है। वहीं पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में मानसून की स्थिति बेहतर रही। राज्य के लगभग सभी स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश रिकार्ड की गई। राज्य में सबसे ज्यादा बारिश राजमहल में 49 मिमी रिकार्ड की गई। जबकि राज्य में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान गोड्डा में 35.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान चाईबासा में 22 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

Most Popular